शिवपुरी: एक बार फिर बदरवास सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के अंतर्गत आने वाले ग्राम खिरिया में स्वास्थ्य सेवाओं की शर्मनाक तस्वीर सामने आई, जहां एंबुलेंस न मिलने के कारण एक प्रसूता को ट्रैक्टर-ट्रॉली में बच्चे को जन्म देना पड़ा।जानकारी के अनुसार, ग्राम खिरिया निवासी तूरसा (24) पत्नी निलेश कुशवाह को अचानक प्रसव पीड़ा शुरू हुई। पति निलेश और बड़े भाई वीर सिंह ने तत्काल 108 एंबुलेंस सेवा को फोन लगाया।
परिजनों का दावा है कि उन्होंने लगातार 5 बार कॉल किए, लेकिन हर बार उन्हें मदद का आश्वासन ही मिला, एंबुलेंस नहीं पहुंची।
जब प्रसूता की हालत बिगड़ने लगी, तो मजबूरन परिजन उसे ट्रैक्टर-ट्रॉली में लिटाकर बदरवास अस्पताल के लिए निकले। अभी ट्रैक्टर पावर हाउस के पास ही पहुँचा था कि प्रसूता का दर्द असहनीय हो गया और उसने ट्रॉली में ही एक स्वस्थ बच्ची को जन्म दे दिया। गनीमत रही कि जच्चा और बच्चा दोनों सुरक्षित हैं और फिलहाल अस्पताल में उनका उपचार जारी है।
