छिंदवाड़ा: नगर निगम की अग्नि सुरक्षा टीम ने शहर में स्थित विभिन्न वाहनों के शो रूम का निरीक्षण किया. इस दौरान उन्होंने अग्नि सुरक्षा को लेकर लापरवाही बरतना पाया और संस्थान के पदाधिकरियों को फटकार लगाई. प्राप्त जानकारी के अनुसार नगर निगम के फायर सेफ्टी ऑफिसर अभिषेक दुबे द्वारा नगर निगम क्षेत्र के अंतर्गत आने वाली कुछ बड़ी व्यावसायिक संस्थाओं में अग्नि सुरक्षा व्यवस्था की जांच के लिए अचानक निरीक्षण किया. निरीक्षण के दौरान उन्होंने चौपहिया वाहन के शो रूम , एम. पटेल मार्ट एवं उमंग टॉवर में गंभीर अनियमितताएं पाई .
इस पर फायर ऑफिसर श्री दुबे ने संबंधित संस्थानों के संचालकों को कड़ी फटकार लगाई. सबसे गंभीर लापरवाही नागपुर रोड स्थित शो रूम में सामने आई, जहां बिना फायर एनओसी एवं बिना स्वीकृत फायर प्लान के तीन बड़ी संस्थाओं का संचालन किया जा रहा था. निरीक्षण में यह भी पाया गया कि इन संस्थानों में अग्नि सुरक्षा उपकरण या तो पूरी तरह बंद थे अथवा कार्यशील नहीं थे.
इसके अतिरिक्त फायर पंप एवं पानी की टंकी की व्यवस्था स्वीकृत फायर प्लान के अनुरूप नहीं पाई गई, जो नियमों का स्पष्ट उल्लंघन है. साथ ही, वार्षिक फायर ऑडिट भी नहीं कराया गया था. नियमों के अनुसार आवश्यक फायर एनओसी एवं स्वीकृत फायर प्लान के अभाव में इन संस्थानों का संचालन किया जाना अग्नि सुरक्षा नियमों का गंभीर उल्लंघन है. मामले की गंभीरता को देखते हुए फायर ऑफिसर अभिषेक दुबे द्वारा पंचनामा तैयार किया गया है, तथा संकेत दिए गए हैं कि संबंधित संस्थानों के विरुद्ध आगे कड़ी कार्यवाही की जाएगी.
