सलामतपुर: सांची जनपद के ग्राम बांसखेड़ा निवासी हल्केराम द्वारा पंचायतों में कराए गए निर्माण कार्यों की बकाया राशि के भुगतान को लेकर विभिन्न स्तरों पर प्रस्तुत शिकायतों पर अपर कलेक्टर एवं प्रभारी जिला पंचायत सीईओ मनोज उपाध्याय के निर्देश पर जांच की गई। जांच के उपरांत संबंधित प्रकरण का निराकरण किए जाने के निर्देश दिए गए।सांची जनपद पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी ने बताया कि शिकायतकर्ता हल्केराम द्वारा ग्राम पंचायत शाहपुर, जनपद पंचायत सांची में कराए गए निर्माण कार्यों की बकाया राशि लगभग 6.25 लाख रुपये बताकर बार-बार शिकायत की जा रही थी। जांच के दौरान यह तथ्य सामने आया कि नाली निर्माण कार्य के लिए स्वीकृत 2.73 लाख रुपये की राशि में से हल्केराम से तय की गई मजदूरी की राशि 45 हजार रुपये का पूर्ण भुगतान किया जा चुका है।
इसी प्रकार भरतीपुर आंगनवाड़ी भवन मरम्मत कार्य में तय मजदूरी राशि 10 हजार रुपये तथा तीन नाडेप निर्माण कार्यों में प्रति नाडेप 4 हजार रुपये की दर से कुल 12 हजार रुपये का भुगतान भी पूर्ण रूप से किया गया है। इस प्रकार ग्राम पंचायत द्वारा हल्केराम को कुल 67 हजार रुपये की मजदूरी राशि का भुगतान किया जा चुका है।जनपद पंचायत सीईओ के अनुसार जांच अधिकारियों द्वारा प्रस्तुत प्रतिवेदन में यह स्पष्ट हुआ है कि संबंधित निर्माण कार्यों के संबंध में हल्केराम को कोई भी राशि भुगतान किया जाना शेष नहीं है। सभी देय भुगतानों का नियमानुसार निपटारा पूर्व में ही किया जा चुका है।
