भारतीय टीम के विकेटकीपर बल्लेबाज केएल राहुल ने राजकोट में शतक लगाकर इतिहास रच दिया। वो न्यूजीलैंड के खिलाफ शतक बनाने वाले पहले भारतीय विकेटकीपर बल्लेबाज बन गए हैं।
भारत और न्यूजीलैंड के बीच खेले जा रहे तीन मैचों की वनडे सीरीज के दूसरे मुकाबले में केएल राहुल ने इतिहास रच दिया। वो न्यूजीलैंड के खिलाफ वनडे में शतक लगाने वाले भारत के पहले विकेटकीपर बल्लेबाज बन गए हैं। केएल राहुल ने पूर्व विकेटकीपर कप्तान महेंद्र सिंह धोनी को पीछे छोड़ते हुए यह कारनामा किया।
राजकोट में खेले जा रहे दूसरे वनडे मुकाबले में केएल राहुल ने शतकीय पारी खेलते पहले विकेटकीपर बल्लेबाज के अलावा एक और रिकॉर्ड अपने नाम किया। राजकोट में वनडे में शतक बनाने वाले केएल राहुल पहले भारतीय बन गए हैं। राहुल ने 49वें ओवर में काइल जैमीसन की फुल टॉस गेंद पर छक्का लगाकर यह अपना आठवां वनडे शतक पूरा किया। कर्नाटक के इस विकेटकीपर-बल्लेबाज ने सिर्फ 87 गेंदों में अपना शतक पूरा किया और न्यूजीलैंड के खिलाफ अपनी पारी में 11 चौकों और एक छक्के की मदद से 112 रन बनाकर नाबाद रहे।
