बनखेड़ी। मध्यप्रदेश शासन द्वारा वर्ष 2026 को कृषि वर्ष के रूप में मनाए जाने के निर्देशों के तहत विकासखंड बनखेड़ी की ग्राम पंचायत महंगवा, ईशरपुर एवं कलंगवा में कृषि रथ का संचालन किया गया। इस कार्यक्रम का उद्देश्य कृषकों को कृषि से संबंधित विभिन्न शासकीय योजनाओं की जानकारी प्रदान करना रहा।
कार्यक्रम में कृषि विज्ञान केंद्र से पधारे सीनियर साइंटिस्ट एवं हेड डॉ. संजीव कुमार गर्ग, सहायक संचालक कृषि गोविंद मीना, वरिष्ठ कृषि विकास अधिकारी सुश्री रूपल राजपूत, बीज प्रमाणीकरण अधिकारी उपमा रावत सहित कृषि विस्तार अधिकारी अर्पिता पांडे, ऋतिक गंगराड़े, मोहित साहू एवं उत्कर्ष भरगवा उपस्थित रहे।
इस अवसर पर डॉ. संजीव कुमार गर्ग द्वारा कृषकों को जैविक एवं प्राकृतिक खेती की विधियों की जानकारी दी गई तथा फसलों में होने वाले कीट एवं व्याधियों की रोकथाम एवं प्रबंधन पर विस्तार से मार्गदर्शन किया गया।
सहायक संचालक कृषि गोविंद मीना ने विभागीय योजनाओं जैसे ई-टोकन प्रणाली एवं उर्वरक वितरण व्यवस्था को सरल भाषा में समझाया। साथ ही राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा मिशन (तिलहन) के अंतर्गत मूंगफली की खेती को बढ़ावा देने पर जोर दिया गया तथा मूंग के स्थान पर उड़द, तिल एवं सरसों की फसल लगाने हेतु कृषकों को प्रेरित किया गया।
कार्यक्रम के माध्यम से कृषकों को आधुनिक कृषि तकनीकों को अपनाकर उत्पादन बढ़ाने एवं आय में वृद्धि करने का संदेश दिया गया।
