
मुरैना। शहर के कोतवाली थाना क्षेत्र के अंतर्गत दत्तपुरा इलाके की बाबा वाली गली में मंगलवार शाम उस समय सनसनी फैल गई, जब मजदूरी कर घर लौटे 45 वर्षीय मजदूर की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतक अजय पुत्र बाबूलाल जाटव सटरिंग का काम करता था और रोजाना की तरह मंगलवार सुबह काम पर गया था।
शाम को घर लौटते समय जैसे ही वह अपने घर के पास पहुंचा,अचानक बेसुध होकर जमीन पर गिर पड़ा। परिजनों के अनुसार उसके मुंह से झाग निकल रहा था,जिससे इलाके में हड़कंप मच गया।परिजन तुरंत अजय को उठाकर जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां इमरजेंसी ड्यूटी पर मौजूद डॉक्टर ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही अस्पताल पुलिस चौकी ने शव को पोस्टमार्टम के लिए शवगृह में रखवा दिया है।जहाँ बुधवार को पोस्टमार्टम किया जाएगा, जिसके बाद मौत के कारणों का खुलासा हो सकेगा।परिजनों के अनुसार अजय शराब पीने का आदी था और उसके मुंह से शराब की गंध आ रही थी, लेकिन रोज शराब पीने के बावजूद इस तरह मौत होना संदेह पैदा कर रहा है।
स्थानीय लोगों को आशंका है कि अजय ने किसी जहरीले पदार्थ का सेवन किया होगा। फिलहाल कोतवाली पुलिस मामले की जांच में जुटी है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है।
