कांग्रेसियों का दावा- महापौर के वार्ड से लिए पानी के 60 सैंपल पाए गए अमानक
महापौर ने किया दावा-पूरे शहर में पहुंचाया जा रहा शुद्ध पेयजल
जबलपुर: इंदौर के भागीरथपुरा में दूषित पानी से हुई 17 लोगों की मौतों के बाद जबलपुर में पानी को लेकर सियासत पूरे उबाल पर है। बीते कुछ दिनों से शहर महापौर बनाम कांग्रेसियों का जंग का अखाड़ा सा नजर आ रहा है जहां प्रतिदिन आरोप-प्रत्यारोप एक दूसरे पर दागे जा रहे हैं। जहां एक ओर महापौर जगत बहादुर सिंह अन्नू, निगमायुक्त रामप्रकाश अहिरवार दावा कर रहे हैं कि शहर में हर जगह स्वच्छ पानी पहुंचाया जा रहा है वहीं दूसरी तरफ कांग्रेसियों ने नगर सत्ता के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है।
कांग्रेसियों का कहना है कि महापौर जगत बहादुर सिंह अन्नू के वार्ड से लिए गए पानी के 100 सैंपलों में से 60 से ज्यादा सैंपल अमानक पाए गए हैं। कांग्रेसियों के अनुसार महापौर के वार्ड में ये हालात हैं तो फिर बाकी शहर का क्या होगा..विदित हो कि कांग्रेसियों ने शहर में घर-घर से पानी के सैंपल लेने के अभियान की शुरूआत महापौर के वार्ड से ही की थी।महापौर जगत बहादुर सिंह अन्नू का स्पष्ट कहना है कि कांग्रेसियों ने जो भी पानी के सैंपल लिए हैं और उसे अमानक बता रहे हैं उसकी सत्यता किन मापदंडों पर आधारित है। अगर ऐसी कोई रिपोर्ट कांग्रेसियों के पास हो तो वे नगर निगम में जमा करें। महापौर ने एक बार फिर से शहर को 100 प्रतिशत शुद्ध पीने की पानी सप्लाई करने की बात कही है।
