बॉलीवुड के मशहूर म्यूजिक कंपोजर मिथुन ने 7 साल की उम्र से संगीत सीखना शुरू किया। प्यारेलाल शर्मा के भतीजे मिथुन को ‘तेरे बिन’ और ‘तुम ही हो’ जैसे गानों से पहचान मिली।
बॉलीवुड के जाने-माने म्यूजिक कंपोजर मिथुन आज अपनी मधुर और भावनात्मक धुनों के लिए पहचाने जाते हैं। कम ही लोग जानते हैं कि मिथुन ने महज 7 साल की उम्र में संगीत सीखना शुरू कर दिया था। सुरों से उनका रिश्ता बचपन से ही जुड़ गया था और यही वजह है कि आज उनकी धुनें सीधे दिल को छू जाती हैं। 11 जनवरी को जन्मे मिथुन का मानना है कि किसी भी गाने की असली ताकत उसकी मेलोडी में होती है और बिना मेलोडी के कोई गीत अधूरा है।
मिथुन का जन्म एक ऐसे परिवार में हुआ, जहां संगीत विरासत में मिला। उनके पिता नरेश शर्मा खुद संगीत से जुड़े रहे हैं और दादा भी संगीतकार थे। इतना ही नहीं, मशहूर लक्ष्मीकांत-प्यारेलाल जोड़ी के प्यारेलाल शर्मा मिथुन के चाचा थे। बचपन में वे अपने पिता के साथ स्टूडियो जाया करते थे, जहां उन्होंने संगीत को बेहद करीब से समझा। 11 साल की उम्र से उन्होंने विधिवत संगीत की तालीम लेना शुरू कर दी थी।
