शिवपुरी: नगर परिषद पिछोर में मुख्य नगर पालिका अधिकारी आनंद शर्मा ने अध्यक्ष पति विकास पाठक और एक पार्षद पति के खिलाफ शासकीय कार्य में बाधा डालने, गाली-गलौज और धमकी देने के आरोप में पुलिस में प्राथमिकी दर्ज कराई है। इसके कुछ ही देर बाद नगर परिषद अध्यक्ष श्रीमती कविता पाठक भी सीएमओ के विरुद्ध शिकायत लेकर थाने पहुंचीं। सीएमओ आनंद शर्मा ने पिछोर थाने में दी अपनी शिकायत में बताया कि वे अपने कार्यालय के केबिन में थे।
अध्यक्ष कविता पाठक भी अपने केबिन में मौजूद थीं और अंत्येष्टि सहायता राशि वितरण को लेकर चर्चा चल रही थी। इसी दौरान नपा प्रांगण में अध्यक्ष पति विकास पाठक और वार्ड क्रमांक 5 की पार्षद ममता मिश्रा के पति कपिल मिश्रा पहुंचे।सीएमओ के अनुसार दोनों ने कर्मचारियों के साथ गाली-गलौज की, दहशत फैलाई और कार्यालय वाहन की चाबी जबरन मांगने लगे।
स्थिति बिगड़ती देख उन्होंने पिछोर थाना पुलिस को सूचना दी। पुलिस के पहुंचने से पहले ही दोनों व्यक्ति वहां से चले गए। इसके बाद सीएमओ ने थाने पहुंचकर दोनों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कराने का आवेदन दिया। पुलिस ने सीएमओ की शिकायत पर नपा अध्यक्ष कविता पाठक के पति विकास पाठक और वार्ड क्रमांक 5 की पार्षद ममता मिश्रा के पति कपिल मिश्रा के विरुद्ध मामला दर्ज कर लिया है। घटना के कुछ समय बाद नगर परिषद अध्यक्ष कविता पाठक भी थाने पहुंचीं और सीएमओ आनंद शर्मा के विरुद्ध आवेदन दिया है।
