
रीवा। सेमरिया नगर परिषद उप चुनाव में कांग्रेस की हुई विजय पर कांग्रेस कार्यालय में सुन्दरकांड पाठ के साथ दोपहर दिव्यांगजनो को ट्राई साइकिल का वितरण किया गया. तत्पश्चात भंडारे का प्रसाद वितरित हुआ.
इस दौरान सेमरिया विधायक अभय मिश्रा ने कहा वोट मांगने का अधिकार सभी का है वोट देने या न देने का अधिकार मतदाता का है. उन्होने कहा कि मैं दो बार बीजेपी से रहा और अभी मैं कांग्रेस से विधायक हूं. मैं दल नही बदलना चाहता लेकिन सेमरिया को मैं दल में बांटना नही चाहता. श्री मिश्र ने कहा कि दिव्यांगजन समाज का अभिन्न अंग है उन्हे आत्मनिर्भर बनाना हमारी जिम्मेदारी है. वही नवनिर्वाचित अध्यक्ष पदमा रोहणी कुशवाहा ने सभी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सभी के सहयोग से यह विजय मिली है. मै हर किसी का आभार व्यक्त करती हूं. 35 दिव्यांगजनो को ट्राइ साइकिल का वितरण विधायक द्वारा किया गया. सभी के चेहरो में खुशी देखने को मिली. विधायक ने अपने निजी वेतन से जरूरतमंद दिव्यांगजनो को ट्राई साइकिल वितरित की. इस दौरान अध्यक्ष राजेन्द्र शर्मा, महापौर अजय मिश्रा बाबा, पूर्व विधायक श्रीमती नीलम मिश्रा सहित क्षेत्रीय कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे.
