इंदौर: शहर में नववर्ष के मद्देनजर पुलिस ने अपराधियों और असामाजिक तत्वों पर शिकंजा कस दिया है। शहर में अपराध नियंत्रण और शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए इंदौर पुलिस कमिश्नरेट द्वारा लगातार सघन चेकिंग और पेट्रोलिंग की जा रही है। इसी कड़ी में बीती रात से लेकर अंतिम तीन दिनों के वीकेंड के दौरान विशेष अभियान चलाया गया।
एडीसीपी राजेश दंडोतिया ने बताया कि पुलिस कमिश्नर संतोष कुमार सिंह के निर्देश पर चारों जोन में डीसीपी के नेतृत्व में 28-29 दिसंबर की दरम्यानी रात 8 बजे से सुबह 3 बजे तक सभी थाना क्षेत्रों में चेकिंग अभियान चलाया गया। इस दौरान गुंडे, बदमाश और अवैध गतिविधियों में लिप्त लोगों सहित कुल 3168 संदिग्धों को चेक किया गया, जिनमें से 1453 पर वैधानिक कार्रवाई की गई।
बीती रात की विशेष चेकिंग में 849 बदमाशों को चेक किया गया, जिनमें 425 के खिलाफ कार्रवाई हुई। इनमें शराब पीकर वाहन चलाने वाले 195 वाहन चालक भी शामिल रहे, जिन पर मोटर व्हीकल एक्ट के तहत कार्रवाई की गई। अभियान के दौरान विभिन्न मामलों में वांछित 129 से अधिक वारंट तामील कराए गए, जिनमें 21 स्थाई, 39 गिरफ्तारी और 69 जमानती वारंट शामिल हैं। तीन दिन के विशेष अभियान में शराब पीकर वाहन चलाने वाले कुल 675 लापरवाह चालकों पर कार्रवाई की गई।
सार्वजनिक स्थान पर शराब पीने वालों के 53 और अवैध मादक पदार्थ सेवन के 23 प्रकरण दर्ज किए गए। इसके अलावा 482 वारंटियों को पकड़कर जेल भेजने की कार्रवाई की गई।
पुलिस ने ड्रोन के जरिए हॉटस्पॉट और शैडो एरिया में निगरानी कर 400 से अधिक आदतन अपराधियों को चेक किया और उन्हें सख्त हिदायत दी। पुलिस का कहना है कि नववर्ष के दौरान भी इस तरह की सख्त कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।
