
ग्वालियर। हिंदू आज जहां भी अल्पसंख्यक और एकजुट नहीं है, वहां उसकी स्थिति दयनीय है। बांग्लादेश में हिंदुओं को जिंदा जलाया और लूटा जा रहा है। अगर हिंदू भारत में अब भी संगठित और एकजुट नहीं हुआ तो वह 30-40 वर्ष बाद अपने तीज-त्योहार भी नहीं मना पाएगा।
यह बात राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ मध्य क्षेत्र के क्षेत्र कार्यवाह अशोक अग्रवाल ने रविवार को विनय नगर सेक्टर-3 स्थित विनयेश्वर पार्क में आयोजित हिंदू सम्मेलन में मुख्य वक्ता की आसंदी से कही। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि अयोध्या से पधारे संत सुधीर शरण महाराज, विशेष अतिथि रेखा भदौरिया रहीं। कार्यक्रम संयोजक द्वारिका प्रसाद पलिया भी मंचासीन रहे। विनय नगर के अलावा हिंदू सम्मेलन रविवार को शहर और आसपास के क्षेत्रों की विभिन्न बस्तियों में आयोजित किए गए। विनय नगर में आयोजित कार्यक्रम में मुख्य वक्ता अग्रवाल ने कहा कि उच्चतम न्यायालय के पूर्व न्यायाधीश रमेश चन्द्र लाहौटी भी हिंदुओं की स्थिति को लेकर चिंतित थे। अग्रवाल ने हिंदुओं को समाज और राष्ट्र विरोधियों से सतर्क रहने का आह्वान करते हुए कहा कि कुछ लोग जाति और भाषा के नाम पर हमें बांटने का षड्यंत्र करते रहते हैं। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता दिग्विजय सिंह के उस बयान को उन्होंने शर्मनाक बताया कि जिसमें उन्होंने बांग्लादेश में हिंदुओं पर हो रहे अत्याचार को भारत में हुई घटनाओं की प्रतिक्रिया बताया। उन्होंने कहा कि बांग्लादेश में पहले 28 प्रतिशत हिंदू थे, अब उनकी संख्या घटकर 8 प्रतिशत रह गई है। इसी तरह पाकिस्तान में हिंदू करीब डेढ़ प्रतिशत बचे हैं। इस अवसर पर महापुरुषों की चित्र प्रदर्शनी भी लगाई गई। कार्यक्रम का संचालन प्रभात फाटक ने किया।
शास्त्र के साथ शस्त्र भी धारण करें : सुधीर शरण
अयोध्या से आए संत सुधीर शरण ने कहा कि हमारे देवी-देवता भी शास्त्र के साथ शस्त्र धारण करते थे। इसलिए हमें भी शिक्षा के साथ ही शस्त्र विद्या में पारंगत होना चाहिए। उन्होंने कहा कि सनातन धर्म सभी के सुखी और कल्याण की कामना करता है, लेकिन सनातनियों को आत्मरक्षा के लिए तैयार रहना होगा। उन्होंने हिंदुओं को संगठित होने का आह्वान करते हुए कहा कि जब-जब हिंदू बटा है तब-तब उसको काटा गया है।
स्वच्छता वीरों का किया सम्मान
सकल हिंदू समाज के तत्वावधान में बौद्ध बस्ती का हिंदू सम्मेलन कृष्णा नगर स्थित हरे कृष्णा पार्क में आयोजित किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि आदर्श गौशाला लालटिपारा के स्वामी ऋषभदेवानंद महाराज, मुख्य वक्ता राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ ग्वालियर विभाग के सह कार्यवाह मुनेन्द्र कुशवाह थे। इस अवसर पर अर्चना सिकरवार, अजाक्स के मुकेश मौर्य, कार्यक्रम संयोजक प्रदीप भदौरिया भी मंचासीन रहे। अतिथियों ने कार्यक्रम में उपस्थित स्वच्छता वीरों को सम्मानित किया। वक्ताओं ने हिंदू धर्म, गाय की महत्ता बताई। साथ ही पंच परिवर्तन-पर्यावरण, समरसता, स्व बोध, कुटुंब प्रबोधन, कर्तव्य पालन को आत्मसात कर देश में सकारात्मक बदलाव लाने का आग्रह किया।
यहां भी हुए हिंदू सम्मेलन
लोहागढ़ बस्ती का हिंदू सम्मेलन रविवार को ढोली बुआ का पुल के समीप नगर निगम वर्कशॉप परिसर में आयोजित किया गया। हिन्दू समाज की एकजुटता और राष्ट्र निर्माण में भूमिका विषय पर आयोजित सम्मेलन के मुख्य अतिथि महामण्डलेश्वर अखिलेश्वरानंद गिरि महाराज एवं मुख्य वक्ता राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ कुटुंब प्रबोधन प्रांत प्रमुख अशोक पाठक रहे।
मोहना मंडल का हिंदू सम्मेलन उपाध्याय गार्डन मोहना में आयोजित किया गया मुख्य अतिथि रानीघाटी आश्रम के संत अमृतानंद महाराज एवं मुख्य वक्ता राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ ग्वालियर विभाग प्रचारक ललित जी रहे। इस अवसर पर विनीता जैन, ममता धाकड़ भी मंचासीन रहीं।
