
कटनी। बरही वन परिक्षेत्र अंतर्गत ग्राम करौंदी कला में मंगलवार सुबह उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब झाड़ियों में छिपे एक जंगली भालू ने तीन ग्रामीणों पर अचानक हमला कर दिया। इस हमले में तीनों ग्रामीण गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर किया गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार करौंदी कला निवासी सरमन यादव, भोली यादव और सुरेश पटेल रोज की तरह सुबह गांव के पास स्थित तालाब की ओर गए थे। इसी दौरान झाड़ियों में पहले से मौजूद भालू ने अचानक उन पर हमला कर दिया। ग्रामीणों ने बचाव का प्रयास किया, लेकिन भालू ने उन्हें बुरी तरह घायल कर दिया। शोर सुनकर जब आसपास के लोग मौके पर पहुंचे तो भालू जंगल की ओर भाग गया।
घटना की सूचना मिलते ही बरही वन परिक्षेत्र की टीम मौके पर पहुंची और घायलों को तत्काल बरही अस्पताल ले जाया गया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी हालत गंभीर होने पर उन्हें कटनी जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
बरही रेंजर गोविंद नारायण शुक्ला ने अस्पताल पहुंचकर घायलों का हालचाल जाना और बताया कि वन विभाग की प्राथमिकता घायलों को बेहतर उपचार उपलब्ध कराना है।
घटना के बाद करौंदी कला सहित आसपास के गांवों में दहशत का माहौल है। ग्रामीण खेतों और जंगल की ओर जाने से डर रहे हैं। वन विभाग ने लोगों से अपील की है कि वे अकेले जंगल या सुनसान इलाकों में न जाएं और समूह में ही बाहर निकलें। साथ ही क्षेत्र में भालू की गतिविधियों पर नजर रखने के लिए निगरानी बढ़ा दी गई है।
