इंदौर: चंदन नगर थाना क्षेत्र में देर रात बेखौफ बदमाशों ने कार सवार तीन युवकों को बीच रास्ते रोककर अड़ीबाजी की. शराब पीने के लिए रुपए मांगने और इनकार करने पर आरोपियों ने पत्थरों से हमला कर दिया और कार में जमकर तोड़फोड़ की.चंदन नगर पुलिस के अनुसार घटना रामानंद नगर स्थित आयुषी मेडिकल स्टोर के सामने हुई. दामोदर नगर निवासी रौनक पिता संतोष कोचले अपने दोस्त अंश और मयंक प्रजापत के साथ कार से गुजर रहे थे.
इसी दौरान आरोपी राहुल झटका, पार्थ मराठा और उनके अन्य साथियों ने कार के सामने आकर रास्ता रोक लिया. आरोपियों ने तीनों युवकों से शराब पीने के लिए एक हजार रुपए की मांग की. जब रौनक और उसके दोस्तों ने रुपए देने से साफ इनकार कर दिया, तो आरोपी गाली-गलौज और मारपीट पर उतर आए. विवाद बढ़ने पर आरोपियों ने पत्थर उठाकर हमला कर दिया. पत्थर लगने से रौनक के सिर में गंभीर चोट आई, जबकि अंश और मयंक भी घायल हो गए।
इतना ही नहीं, आरोपियों ने कार के शीशे और बॉडी पर पत्थर मारकर तोड़फोड़ कर दी। जाते-जाते बदमाशों ने धमकी दी कि अगर आगे कभी शराब के पैसे देने से मना किया, तो जान से मार देंगे. पीड़ित रौनक की शिकायत पर चंदन नगर थाना पुलिस ने आरोपी राहुल झटका, पार्थ मराठा और अन्य के खिलाफ मारपीट, तोड़फोड़ और जान से मारने की धमकी की धाराओं में प्रकरण दर्ज कर लिया है. पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही है.
