
रीवा। रीवा जोन आईजी गौरव राजपूत के निर्देश पर चलाए जा रहे आपरेशन प्रहार 2.0 के तहत हनुमना पुलिस ने नशीली कफ सिरप के साथ तीन तस्करो को गिरफ्तार किया है. मौके पर आरोपियों की कार की तलाश के दौरान चार लाख से ज्यादा कैश और नशीली कफ सिरप जप्त की गई है.
फिलहाल पकड़े गए आरोपियों के विरुद्ध एसडीपीएस एक्ट के तहत कार्यवाही की गई है. जानकारी के अनुसार शुक्रवार की रात पुलिस को मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई कि एक सफेद रंग की टोयोटो कम्पनी की कार मे ड्राईवर सहित तीन व्यक्ति बैठे है. उक्त कार के डिग्गी मे काफी मात्रा मे अवैध नशीली कफ सीरप रखकर बिक्री करने के लिए बडक़ुड़ा बार्डर तरफ से हाईवे होते हुए मउगंज सीधी जाने वाले है. मुखबिर की सूचना पर पुलिस टीम ने मोटवा पहड़ी पर घेराबंदी कर उक्त कार को पकड़ा जिसमें तीन व्यक्ति ड्राइवर सहित सवार मिले. पुलिस द्वारा वाहन की तलासी लेने पर उक्त कार मे एक झोले से 4 लाख 50 हजार रुपये नगदी एवं कार की डिग्गी मे 35 शीशी अवैध मादक पदार्थ नशीली कफ सिरफ बरामद हुई. पुलिस ने मौके से रविनन्दन तिवारी उर्फ रवि पिता राजकुमार तिवारी उम्र 24 साल, दीपक तिवारी उर्फ दीपू पिता राकेश तिवारी उम्र 32 साल और शिवम गौतम उर्फ मालिक पिता रमेश गौतम उम्र 20 साल निवासी सतोहरी थाना रामपुर नैकिन जिला सीधी को गिरफ्तार किया है. फिलहाल उक्त सभी आरोपियों के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट का मामला दर्ज कर कार्यवाही की जा रही है.
