मॉस्को, 18 दिसंबर (वार्ता) रूसी विदेश मंत्रालय ने कहा है कि रूस की इच्छा हमेशा अमेरिका और वेनेजुएला के बीच बातचीत को सामान्य बनाने तथा कैरेबियन क्षेत्र में स्थिति को शांत करने के लिए कदम उठाने की रही है।
मंत्रालय ने गुरूवार को कहा, ”हम दोनों देशों के बीच बातचीत को सामान्य बनाने का लगातार समर्थन करते हैं। हमें विश्वास है कि स्थिति को स्थिर और शांत करने तथा मौजूदा समस्याओं एवं मतभेदों के समाधान की दिशा में अंतरराष्ट्रीय कानूनी मानदंडों का सम्मान करते हुए कदम उठाया जायेगा।”
मंत्रालय ने यह भी कहा कि अमेरिका लगातार और जानबूझकर वेनेजुएला के आसपास तनाव बढ़ा रहा है। उसने कहा कि एकतरफा फैसले जो अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मालवाहक जहाजों के आवागमन के लिये खतरा पैदा करते हैं वे इस समय चिंता का सबब बन रहे हैं।
बयान में कहा गया है, “हम वेनेजुएला के लोगों के साथ उन मुश्किलों का सामना करने में अपनी एकजुटता की पुष्टि करते हैं और राष्ट्रपति निकोलस मादुरो सरकार के राष्ट्रीय हितों तथा मातृभूमि की संप्रभुता की रक्षा के उद्देश्य से उठाए गए कदमों का समर्थन करते हैं।”
रूस ने कहा है कि उसे उम्मीद है कि अमेरिका वेनेजुएला में तनाव बढ़ाने से बचेगा क्योंकि इसके पश्चिमी गोलार्ध के लिए भयंकर परिणाम हो सकते हैं।
