इंडिगो के पायलटों जैसा कल आपके साथ भी हो सकता है: पायलट संगठन की चेतावनी

नयी दिल्ली, 16 दिसंबर (वार्ता) पायलटों के संगठन अल्पा इंडिया ने चेतावनी दी है कि इंडिगो की तरह दूसरी विमान सेवा कंपनियां भी अपने पायलटों पर काम का अतिरिक्त बोझ डाल सकती हैं और इसलिए पायलटों को एकजुट होने की जरूरत है।

अल्पा (एयर लाइन पायलट्स एसोसिएशन) इंडिया के अध्यक्ष कैप्टन सैम थॉमस ने मंगलवार को पायलटों के लिए जारी एक वीडियो संदेश में कहा, “आज हम देख रहे हैं कि इंडिगो के पायलट दूसरे पायलटों की तुलना में ज्यादा परेशानी में हैं, लेकिन वह दिन दूर नहीं जब प्रबंधन और अधिकारियों की तरफ से आपके साथ भी उसी तरह का व्यवहार किया जाने लगेगा। इसलिए हमारे लिए एकजुट होना बेहद जरूरी है।”

उन्होंने स्पष्ट किया कि उनका संगठन किसी भी विध्वंसक गतिविधि में शामिल नहीं होगा, वह प्रतिनिधित्व के जरिये और प्रमाण आधारित दस्तावेज पेश करके पायलटों की भलाई के लिए काम करेगा।

श्री थॉमस ने बताया कि संसदीय समिति ने पायलटों की उपलब्धता और आम तौर पर फ्लाइट ड्यूटी से संबंधित नियम (एफडीटीएल) पर अपने विचार रखने के लिए अल्पा इंडिया को बुलाया है।

उल्लेखनीय है कि इंडिगो ने दिसंबर के पहले सप्ताह में पैदा संकट के लिए एफडीटीएल के नये नियमों और पायलटों की कमी को मुख्य रूप से जिम्मेदार ठहराया था। उसने सप्ताह के दौरान हजारों उड़ानें रद्द कीं जिसमें अकेले 05 दिसंबर को 1,500 से अधिक उड़ानें रद्द रहीं।

डीजीसीए इंडिगो संकट की जांच कर रही है। इस बीच, सरकार के आदेश पर इंडिगो ने अपनी उड़ानों में 10 प्रतिशत की कटौती की है और अब वह रोजाना 2,100 उड़ानों का परिचालन कर रही है।

 

 

Next Post

रक्षा संपदा संगठन पारदर्शिता, दक्षता और जवाबदेही का ज्वलंत उदाहरण : राजनाथ

Tue Dec 16 , 2025
नयी दिल्ली 16 दिसम्बर (वार्ता) रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने रक्षा संपदा संगठन को विकसित भारत के लिए जरूरी प्रशासनिक लोकाचारों पारदर्शिता, दक्षता और जवाबदेही का ज्वलंत उदाहरण बताया है। श्री सिंह ने मंगलवार को यहां रक्षा संपदा दिवस पर आयोजित समारोह को संबोधित करते हुए समय के साथ विकसित […]

You May Like

मनोरंजन