गोलीकांड: ईगो बना वारदात की वजह, उज्जैन तक पहुंची जांच

इंदौर. भूतनाथ मंदिर परिसर में हुई फायरिंग की घटना को लेकर जांच जैसे जैसे आगे बढ़ रही है, नए खुलासे सामने आ रहे हैं. पुलिस जांच में अब इस वारदात का उज्जैन कनेक्शन सामने आया है. शुरुआती पड़ताल में मामला अचानक हुए विवाद से जुड़ा पाया है, जिसे हमलावरों ने ईगो का मुद्दा बनाकर गोली चलाने तक पहुंचा दिया.

राऊ थाना क्षेत्र के रंगवासा निवासी विनय पिता रामचंद्र पाटीदार पर तीन दिन पहले भूतनाथ मंदिर की पार्किंग में गोली चलाई गई थी. गनीमत रही कि गोली सीधे शरीर में न लगकर मोबाइल फोन से टकरा गई, जिससे उसकी जान बच गई. घटना में विनय को मामूली चोटें आई थीं. पुलिस पूछताछ में सामने आया है कि घटना से एक दिन पहले भूतनाथ मंदिर की पार्किंग के पास स्थित मां उमिया पैलेस कॉलोनी में एक बुजुर्ग व्यक्ति ड्राइवर के साथ आर्टिगा कार से अपने रिश्तेदार के यहां आया था. कॉलोनी में पहुंचने का रास्ता मंदिर की पार्किंग से होकर जाता है. इसी दौरान पार्किंग में मौजूद लड़कों ने कार रोककर आने जाने को लेकर सवाल किए, जिस पर कार सवार बुजुर्ग और ड्राइवर के साथ विवाद हो गया. बताया गया कि दोनों गालियां देते हुए वहां से रिश्तेदार के घर चले गए थे. बाद में पार्किंग का मैनेजमेंट देखने वाले विनय को इस विवाद की जानकारी दी गई. इसके बाद विनय ने उसी बात को लेकर दोबारा कार सवारों से बातचीत की, जो देखते ही देखते तीखे विवाद में बदल गई. पुलिस को आशंका है कि इसी टकराव को आरोपियों ने अपमान का मुद्दा बनाते हुए बदले की भावना में गोलीकांड को अंजाम दिया. जांच के दौरान पुलिस ने मां उमिया पैलेस कॉलोनी में उस परिवार से भी पूछताछ की, जिनके घर कार सवार बुजुर्ग और ड्राइवर ठहरे थे. पहचान सामने आने के बाद पुलिस की एक टीम उज्जैन रवाना की गई, लेकिन संदिग्ध वहां नहीं मिले. मामले में अधिकारियों का कहना है कि हमलावरों की तलाश के लिए उज्जैन सहित आसपास के इलाकों में दबिश दी जा रही है. इधर, पुलिस को यह भी जानकारी मिली है कि गोली चलाने वाले दोनों आरोपी नकाबपोश थे और उनकी उम्र करीब 30 से 35 साल के बीच बताई जा रही है. फिलहाल आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी को लेकर पुलिस की कार्रवाई जारी.

Next Post

ड्रोन पेट्रोलिंग से छुपे शराबखोरों पर पुलिस ने कसा शिकंजा

Mon Dec 15 , 2025
इंदौर। शहर में कानून व्यवस्था को मजबूत करने के लिए पुलिस अब तकनीक का सहारा ले रही है. नई व्यवस्था के तहत ड्रोन पेट्रोलिंग शुरू की गई है, जिससे न केवल आपराधिक गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है, बल्कि छुपकर और खुले में शराबखोरी करने वालों की भी पहचान […]

You May Like