छतरपुर। महाराजा छत्रसाल बुंदेलखंड विश्वविद्यालय (MCBU) में पूर्व कुलगुरु शुभा तिवारी पर वित्तीय अनियमितताओं और कुप्रबंधन के गंभीर आरोप लगे थे। उनके खिलाफ 12 बिंदुओं पर शिकायत राज्यपाल को भेजी गई थी, जिसकी जांच सागर कमिश्नर के माध्यम से छतरपुर कलेक्टर को सौंपी गई। जांच में गड़बड़ी की पुष्टि के बाद उच्च शिक्षा विभाग ने विश्वविद्यालय में धारा 52 लागू कर दी और शुभा तिवारी को पद से हटा दिया गया।
छात्र संगठनों द्वारा लंबे समय से नए कुलगुरु की नियुक्ति की मांग की जा रही थी, जिसे स्वीकार करते हुए राज्यपाल एवं कुलाधिपति मंगुभाई पटेल ने जीवाजी विश्वविद्यालय, ग्वालियर के प्रोफेसर एवं कुलसचिव डॉ. राकेश सिंह कुशवाहा को नया कुलगुरु नियुक्त किया है।
नए कुलगुरु के पद संभालने पर पंडित मोतीलाल नेहरू विधि महाविद्यालय के छात्रों ने उनका माल्यार्पण कर स्वागत किया। इस दौरान प्रमुख रूप से छात्र नेता आशीष शुक्ला, योगेश बिंदुआ, सुमित गौतम, मोहित चौबे, मनीष मिश्रा, अंकित गोस्वामी, पिन्स मिश्रा और रामजी अग्निहोत्री सहित कई छात्र उपस्थित रहे। नए कुलगुरु की नियुक्ति से छात्र समुदाय में खुशी का माहौल है, क्योंकि यह कदम लंबे समय से उनकी मांगों के अनुरूप उठाया गया है।
