
सतना। सोमवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में कलेक्टर सतना डॉ. सतीश कुमार एस द्वारा रेडक्रास सोसायटी के सहयोग से क्षय रोग के 72 मरीजों को (फूड बास्केट) पोषण आहार किट का वितरण किया गया। इस मौके पर प्रभारी मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी मनोज शुक्ला, रेडक्रास के सचिव डॉ. शरद दुबे, डॉ. नरेन्द्र शर्मा, क्षय रोग प्रभारी डॉ. पूजा गुप्ता, जिला सलाहकार अभिषेक सिंह, रेडक्रास के पदाधिकारी तथा क्षय रोग विभाग के कर्मचारी उपस्थित रहे।
क्षय रोग प्रभारी डॉ. पूजा गुप्ता ने बताया कि प्रधानमंत्री टीबी मुक्त भारत अभियान के अंतर्गत कम्युनिटी सपोर्ट के तहत रेडक्रास सोसायटी द्वारा फूड बास्केट पोषण आहार किट वितरित की गई। टीबी मुक्त भारत अभियान के अंतर्गत टीबी की विरूद्ध लडाई में जनभागीदारी को बढावा देने के लिये समस्त जनमानस से निक्षय मित्र बनकर टीबी मरीजों को अतिरिक्त सहायता प्रदान की जा सकती है। उन्होने बताया कि ऐसे में कोई भी व्यक्ति जो कि टीबी मरीजों की सहायता करना चाहता है वह निक्षय मित्र बनकर टीबी मरीजों को पोषण किट प्रदान कर सकता है।
