कार वॉशिंग सेंटर में नाबालिग की मौत पर सेंटर संचालक पर लापरवाही का प्रकरण हुआ दर्ज

इंदौर. हीरानगर इलाके में दीपावली से एक दिन पहले कार वॉशिंग सेंटर पर काम कर रहे नाबालिग की करंट लगने से मौत हो गई थी. जांच पूरी होने के बाद पुलिस ने सर्विस सेंटर संचालक के खिलाफ लापरवाही से मौत का प्रकरण दर्ज कर लिया है.

हीरानगर पुलिस ने 17 वर्षीय भोला पिता लखन भूरियाले, निवासी नंदानगर की मौत के मामले में यूएस कार सर्विस सेंटर के संचालक उत्तम ठाकुर के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर लिया है. घटना दीपावली से एक दिन पहले हुई थी, जब भोला काम के लिए सेंटर पहुंचा था. शाम के दौरान वह अचानक गिर पड़ा. साथियों ने उसे एमवाय अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया. घटना के बाद पुलिस ने इसे संदिग्ध मानकर जांच शुरू की थी. सेंटर में लगे सीसीटीवी फुटेज में भोला को पानी की पाइप से कार धोते समय अचानक गिरते हुए देखा गया था. प्रारंभिक जांच में मौत के कारण को लेकर शंका बनी हुई थी पुलिस को हार्ट अटैक या गिरते समय सिर में चोट लगने की आशंका थी. लेकिन पोस्टमार्टम रिपोर्ट में स्पष्ट हुआ कि उसकी मौत करंट लगने से हुई है. रिपोर्ट आने के बाद सेंटर संचालक पर लापरवाही का केस दर्ज किया. कर्मचारी राहुल ने बताया कि भोला उसी दिन पहली बार काम पर आया था. आवश्यकता पड़ने पर उसे बुलाया गया था. परिवार में उसका एक बड़ा भाई है, जो रानीपुरा में दुकान पर काम करता है. पुलिस अब यह भी जांच कर रही है कि सेंटर में सुरक्षा मानकों का पालन किया गया था या नहीं और करंट लगने का स्रोत क्या था.

Next Post

एआई और मशीन लर्निंग से बिजली वितरण क्षेत्र में आएगा बड़ा बदलाव : मनोहर लाल

Sun Dec 7 , 2025
नयी दिल्ली, 07 दिसंबर (वार्ता) केंद्रीय ऊर्जा मंत्री मनोहर लाल ने रविवार को कहा कि कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) और मशीन लर्निंग (एमएल) आधारित तकनीकें भारत के बिजली वितरण क्षेत्र को पूरी तरह बदलने की क्षमता रखती हैं। उन्होंने यहां भारत मंडपम में आयोजित “बिजली वितरण क्षेत्र में एआई/एमएल तकनीकों के […]

You May Like