नयी दिल्ली, 07 दिसंबर (वार्ता) घरेलू थोक जिंस बाजारों में बीते सप्ताह चावल के औसत भाव स्थिर रहे। ग्राहकी आने से गेहूं और चीनी में तेजी रही जबकि खाद्य तेलों और दालों में उतार-चढ़ाव का रुख रहा।
घरेलू थोक जिंस बाजारों में सप्ताह के दौरान चावल की औसत कीमत कमोबेश कोई साप्ताहिक बदलाव नहीं हुआ और सप्ताहांत पर यह 3,823.09 रुपये प्रति क्विंटल पर रहा। गेहूं छह रुपये बढ़कर 2,844.45 रुपये प्रति क्विंटल पर पहुंच गया। आटे की कीमत 13 रुपये फिसलकर 3,288.75 रुपये प्रति क्विंटल रह गयी।
बीते सप्ताह मूंगफली तेल 83 रुपये प्रति क्विंटल महंगा हुआ। सरसों तेल की कीमत 44 रुपये और सूरजमुखी तेल की 13 रुपये प्रति क्विंटल बढ़ी। सोया तेल 11 रुपये महंगा हुआ। वनस्पति में चार रुपये और पाम ऑयल में दो रुपये प्रति क्विंटल की गिरावट देखी गयी।
दाल-दलहनों में सप्ताह के दौरान मसूर दाल की औसत कीमत आठ रुपये प्रति क्विंटल बढ़ गयी। वहीं, चना दाल 20 रुपये सस्ता हुआ। तुअर दाल और मूंग दाल 14-14 रुपये प्रति क्विंटल फिसल गयी। उड़द दाल भी तीन रुपये प्रति क्विंटल टूट गयी।
मीठे के बाजार में सप्ताह के दौरान गुड़ के औसत भाव 28 रुपये प्रति क्विंटल चढ़ गये। चीनी भी 10 रुपये प्रति क्विंटल महंगी हुई।
