इंदौर: देश की सबसे बड़ी घरेलू एयरलाइन इंडिगो अपने क्रू मेंबर की कमी से जूझ रही है, जिसका असर बुधवार को पूरे नेटवर्क पर दिखा. कई बड़े शहरों में उड़ानें रद्द कर दी गईं, जबकि सैकड़ों यात्री घंटों फंसे रहे. इंदौर भी इससे अछूता नहीं रहा, जहां कई उड़ानें या तो रद्द रहीं या काफी देरी के साथ चलीं. इंदौर आने-जाने वाली 4-5 फ्लाइट कैंसिल हुई हैं. कुछ फ्लाइट लेट भी चल रही हैं. वहीं, मध्य प्रदेश में इंडिगो की 11 से ज्यादा उड़ानें रद्द कर दी गईं. जबकि, देशभर से संचालित होने वाली 70 से ज्यादा उड़ानें रद्द की गई हैं.
इंदौर एयरपोर्ट के टर्मिनल मैनेजर ने बताया कि इंडिगो में क्रू मेंबर की प्रॉब्लम होने की वजह से इंडिगो ने बुधवार को देशभर में 70 से ज्यादा उड़ानें रद्द कीं. इनमें इंदौर आने-जाने वाली लगभग 4 से 5 फ्लाइट शामिल हैं, जबकि शहर से संचालित एक दर्जन से अधिक उड़ानों ने सामान्य समय से काफी देर बाद उड़ान भरी. प्रदेश में इंदौर, भोपाल, ग्वालियर और जबलपुर मिलाकर 11 से अधिक उड़ानें कैंसिल होने की बात सामने आई है. मामले में इंदौर एयरपोर्ट के टर्मिनल मैनेजर का कहना है कि चेक-इन प्रक्रिया में किसी तरह की दिक्कत नहीं है, लेकिन एयरलाइन स्टॉफ की समस्या के कारण उड़ानों का शेड्यूल प्रभावित हो रहा है. उन्होंने बताया कि इंडिगो की 4-5 उड़ानें रद्द हैं और कई फ्लाइट निर्धारित समय से देर से संचालित हो रही हैं. एयरलाइन द्वारा सुधारात्मक कदमों के बावजूद हालात सामान्य होने में अभी कुछ समय लग सकता है.
इस कारण बिगड़ी स्थिति
एयरलाइन ने भी देरी और रद्द उड़ानों की पुष्टि की है. कंपनी का कहना है कि पिछले कुछ दिनों से तकनीकी जरूरतों, एयरपोर्ट पर भीड़ और परिचालन संबंधी अनिवार्य कारणों से शेड्यूल बाधित हो रहा है. वहीं, इंडस्ट्री सूत्र बताते हैं कि स्थिति नए फ्लाइट ड्यूटी टाइम लिमिटेशन नियमों के दूसरे चरण के लागू होने के बाद बिगड़ी है. नए प्रावधानों ने क्रू उपलब्धता पर दबाव बढ़ा दिया है, जिसके चलते बड़ी संख्या में उड़ानें या तो रद्द हो रही हैं या विलंबित.
सिर्फ 35 फीसदी रहा इंडिगो का ऑन-टाइम परफॉर्मेंस
जानकारी के अनुसार, मंगलवार से हालात बिगड़ना शुरू हुए थे और बुधवार को बड़ी संख्या में कैंसिलेशन हुए. नागरिक उड्डयन मंत्रालय की वेबसाइट पर दर्ज आंकड़ों के मुताबिक मंगलवार को छह बड़े एयरपोर्ट्स पर इंडिगो का ऑन-टाइम परफॉर्मेंस सिर्फ 35 फीसदी रहा. सबसे ज्यादा असर मुंबई, दिल्ली, कोलकाता, बेंगलुरु और गुजरात के कई छोटे एयरपोर्ट्स पर देखा गया.
यात्री ने की शिकायत, इंडिगो ने मांगा पीएनआर
इस बीच, इंदौर से मुंबई की उड़ान 6ई-2053 बुक करने वाले एक यात्री ने सोशल मीडिया पर शिकायत की कि उनकी 4 दिसंबर की बुकिंग बिना अनुमति 5 दिसंबर कर दी गई. यात्री का कहना है कि उन्हें किसी तरह की पूर्व सूचना नहीं दी गई, जबकि उनकी आगे की अंतरराष्ट्रीय यात्रा तय है. एयरलाइन ने जवाब देते हुए यात्री से पीएनआर साझा करने को कहा, ताकि मामले की जांच की जा सके.
इंदौर आने वाली कई फ्लाइटों में घंटों देरी
बुधवार को इंदौर आने वाली 10 से ज्यादा उड़ानों ने काफी अधिक देरी दर्ज की. कुछ प्रमुख उड़ानों का हाल इस प्रकार रहा- हैदराबाद की फ्लाइट 6 ई 377 सुबह 5.25 बजे के बजाय दोपहर 3.22 बजे रवाना हुई. बेंगलुरु की 6 ई 959 सुबह 6.15 के स्थान पर 8.49 बजे चली. भुवनेश्वर की 6 ई 6331 सुबह 6.40 की बजाय 8.20 बजे उड़ी. रायपुर की फ्लाइट 6 ई 6219 सुबह 10.25 के बदले दोपहर 4.24 पर रवाना हुई. दिल्ली की 6 ई 6605 सुबह 10.20 के स्थान पर दोपहर 12.24 पर चली. वहीं, मुंबई की फ्लाइट 6 ई 5181 सुबह 11.20 की जगह दोपहर 3.30 बजे उड़ी. चंडीगढ़ की 6 ई 6738 सुबह 11.05 से बढ़कर 1.42 बजे उड़ी. जम्मू की 6 ई 6332 सुबह 11.35 की जगह 1.52 पर रवाना हुई. जबकि जोधपुर की फ्लाइट 6 ई 7358 दोपहर 1.30 के बदले 2.26 बजे चली. पुणे की 6 ई 6191 दोपहर 1.55 की जगह 3.59 पर उड़ान भरी. अहमदाबाद की 6 ई 7535 दोपहर 3.35 की जगह शाम 5 बजे रवाना हुई
