अमेरिकी रक्षा मंत्री ने कैरिबियाई सागर में नाव पर किये गये दूसरे हमले का किया बचाव

वाशिंगटन, 03 दिसंबर (वार्ता) अमेरिका के रक्षा मंत्री पीट हेगसेथ ने इस साल की शुरुआत में कैरेिबियाई सागर में कथित तौर पर मादक पदार्थ ले जा रही एक नाव पर दोबारा किये गये हमले का बचाव किया।

द वाशिंगटन पोस्ट अखबार ने शुक्रवार को खबर दी थी कि श्री हेगसेथ ने दो सितंबर को मध्य अमेरिकी अंतर्राष्ट्रीय जलक्षेत्र में कथित मादक पदार्थ ले जा रही नाव पर हमले का मौखिक आदेश दिया था। अखबार के अनुसार, रक्षा मंत्री ने ‘सभी को मार डालने’ का निर्देश दिया था। उनके आदेश के बाद दोबारा किये गये हमले में बचे हुए दो लोग भी मारे गये थे। इस खबर के बाद श्री हेगसेथ को आलोचनाओं और जांच का सामना करना पड़ रहा है।

रक्षा मंत्री ने व्हाइट हाउस में मंगलवार को कैबिनेट बैठक के दौरान कहा कि जब दूसरे हमले का आदेश दिया गया और उसे शुरू किया गया, तब उन्होंने पानी में जीवित बचे लोगों को नहीं देखा था। उन्होंने इसे ‘फॉग ऑफ वार’ कहते हुए अपने फैसले का बचाव किया।

श्री हेगसेथ ने यह भी कहा कि वह पहले हमले के बाद मिशन के शेष हिस्से के लिए ‘वहाँ नहीं रुके’ थे और इस बात पर जोर दिया कि प्रभारी एडमिरल ने अनुवर्ती हमले का आदेश देने में पूर्ण अधिकार का प्रयोग करते हुए ‘सही फैसला’ लिया।

यह पूछे जाने पर कि क्या उन्होंने कथित दूसरे हमले के बचे हुए लोगों को देखा था, हेगसेथ ने स्पष्ट किया कि उन्होंने शुरुआती हमला सीधे प्रसारण में देखा था, लेकिन दूसरा हमला या जीवित बचे लोगों को नहीं देखा था। उन्होंने कहा, “मैंने व्यक्तिगत रूप से जीवित बचे लोगों को नहीं देखा, क्योंकि वह चीज जल रही थी। उसमें विस्फोट हुआ था और आग एवं धुएँ के कारण आप कुछ भी नहीं देख सकते। इसे ही ‘फॉग ऑफ वार’ कहा जाता है।”

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप से जब दूसरे हमले के बारे में उनकी जानकारी के संबंध में पूछा गया, तो उन्होंने कहा: “मुझे दूसरे हमले के बारे में नहीं पता था। मुझे उन लोगों के बारे में कुछ भी नहीं पता था।”

अमेरिकी रक्षा मंत्रालय के प्रेस सचिव किंग्सले विल्सन ने हालांकि मंगलवार को द वाशिंगटन पोस्ट की रिपोर्ट को खारिज कर दिया और इस आरोप को ‘पूरी तरह से मनगढ़ंत’ बताया।

 

 

Next Post

बुजुर्ग महिला से ठगी करने वाला कार चालक 24 घंटे में गिरफ्तार

Wed Dec 3 , 2025
इंदौर. शहर में महिलाओं को निशाना बनाकर हो रही ठगी पर नकेल कसने के निर्देशों के बीच पुलिस ने मरीमाता क्षेत्र में 70 वर्षीय महिला से हुई वारदात को सुलझाते हुए आरोपी को महज एक दिन में पकड़ लिया. आरोपी सुनसान जगह ले जाकर सोने के टॉप्स और नकदी ठगकर […]

You May Like