
सिंगरौली : जिले के परसौना से माड़ा एवं परसौना से बरगवां फोर लेन सड़क निर्माण के लिए प्रदेश सरकार के अनुपूरक बजट में शामिल कर राशि की मंजूरी प्रदान की गई है।गौरतलब हो कि गत वर्ष प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का 4 जनवरी 2024 को बैढ़न के एनसीएल ग्राउंड में आगमन हुआ था। सिंगरौली विधायक रामनिवास शाह द्वारा सीएम को प्रमुख रूप से परसौना से माड़ा एवं परसौना से बरगवां सड़क मार्ग को फोरलेन की मंजूरी देने के लिए अन्य मांगपत्र सौपा गया था।
इधर समय-समय पर विधायक के द्वारा सीएम से मुलाकात कर उक्त मार्ग को अहम मार्ग बताते हुये ध्यान आकृष्ट करा रहे थे। वहीं मुख्यमंत्री ने उक्त दोनों मार्गो को फोरलेन बनाने का ऐलान भी कर चुके थे। विस शीतकालीन सत्र में उक्त दोनों मार्ग को अनुपूरक बजट में शामिल किया गया। विधायक ने बताया कि परसौना से माड़ा फोर लेन की लम्बाई 24.61 किमी. कुल राशि 145 करोड़ एवं परसौना से बरगवां लम्बाई दूरी 27.28 किमी. लागत 139 करोड़ रूपये की मंजूरी मिली है।
इधर सिंगरौली विधायक रामनिवास शाह ने उक्त दोनों प्रमुख मार्गो को अनुपूरक बजट में शामिल किये जाने पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, वित्त एवं उप मुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा, उप मुख्यमंत्री एवं स्वास्थ्य मंत्री राजेन्द्र शुक्ला के साथ-साथ प्रभारी मंत्री सम्पतिया उईके के प्रति आभार व्यक्त किया है।
