
ग्वालियर। शिंदे की छावनी स्थित कांग्रेस कार्यालय के सामने की सड़क पर निकलने में आम राहगीर से लेकर दो पहिया वाहन सवार, चार पहिया वाहनों से लेकर भारी वाहनों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता हैं। आरोप है कि जानबूझकर कांग्रेस कार्यालय के सामने की सड़क को बुरी तरह जर्जर कर रखा गया है। कांग्रेस नेताओं का खुलकर कहना है कि यहां सड़क बनाने में अधिकारियों को डर लगता है कि कहीं सरकार में बैठे लोग नाराज न हो जाये कि कांग्रेस कार्यालय के सामने की सड़क क्यों बना दी? यहां से निकलने वाला हर वाहन सवार जिम्मेदार अफसरों को कोसता है, लेकिन अफसर कानों में रूई डालकर बैठे है। यहां रहने वाले लोगों का कहना है कि राज्य में कांग्रेस विपक्ष में बैठी है और जनता से जुड़े हर मुददे पर उनको आवाज उठानी चाहिये, लेकिन शर्म की बात यह है कि कांग्रेस नेता अपने कार्यालय के सामने की सड़क को ही नहीं बनवा पा रहे हैं यहां तक कि पेचवर्क भी नहीं करवा पा रहे हैं।
*रोज लगता है जाम*
शिंदे की छावनी सड़क पर कांग्रेस कार्यालय के सामने रोज जाम लगता है, यहां विक्रम से लेकर टमटम गडढ़ों की वजह से रोज पलट रही है, दोपहिया वाहन चालक भी रोज गिरकर चोटिल हो रहे है। लेकिन फिर भी कांग्रेसी चुप बैठे है, यदि कांग्रेसी इस मुददे को उठाएं तो भी सड़क दुरूस्त हो जाये। लेकिन कांग्रेस नेताओं को भी इसकी चिंता नहीं है, वह रोज कांग्रेस कार्यालय आते है लेकिन फिर भी उन्हें कांग्रेस कार्यालय के सामने की बदहाल सड़क नहीं दिखती।
