इंदौर: इंदौर जिले में मतदाता सूची विशेष गहन पुनरीक्षण समय सीमा से पहले पूरा होने की संभावना है. इसकी वजह यह है कि इंदौर जिले में टीम भावना और तकनीक का उपयोग प्रभावी रूप से अपनाया जा रहा है.यह बात भारत निर्वाचन आयोग सचिव ने आज समीक्षा बैठक के बाद कही. भारत निर्वाचन आयोग सचिव विनोद कुमार ने आज कलेक्टर कार्यालय में विधासभा वार विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम की समीक्षा बैठक ली.
समीक्षा में एसआईआर कार्य प्रगति रिपोर्ट देखकर सराहना की. उन्होंने कहा कि इंदौर में उक्त अभियान पूर्ण पारदर्शिता, टीम भावना, गुणवत्तापूर्ण कार्यप्रणाली तथा तकनीक के प्रभावी उपयोग के साथ तेजी से आगे बढ़ रहा है. उन्होंने भरोसा जताया कि इस गति से कार्य जारी रहा, तो इंदौर अपने तय लक्ष्य को समय सीमा से पहले ही प्राप्त कर लेगा. बैठक में उप जिला निर्वाचन अधिकारी नवजीवन विजय पवार, सहायक उप जिला निर्वाचन अधिकारी अजीत श्रीवास्तव सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित थे. बैठक में अपर कलेक्टर नवजीवन विजय पवार ने मतदाता सूची के गहन पुनरीक्षण कार्य की प्रगति की जानकारी दी.
70 प्रतिशत काम पूरा हो चुकाः नवजीवन पंवार
एडीएम नवजीवन पंवार ने बैठक में बताया गया कि जिले में कुल 28 लाख 67 हजार 294 मतदाता है. इनमें से 20 लाख 13 हजार 850 मतदाताओं की जानकारी डिजिटाइजेशन हो गई है. इस तरह जिले में मतदाता सूची के पुनरीक्षण का कार्य 70 प्रतिशत से अधिक पूर्ण हो गया है. तेज गति से अभी भी कार्य जारी है और तय लक्ष्य निर्धारित समय के पहले पूरा हो जाएगा. जिले में विधानसभा क्षेत्र देपालपुर में 82.35 प्रतिशत, इंदौर-1 में 63.37 प्रतिशत, इंदौर-2 में 60.82 प्रतिशत, इंदौर-3 में 67.76 प्रतिशत, इंदौर-4 में 64.34 प्रतिशत, इंदौर-5 में 62.99 प्रतिशत, महू में 81.64 प्रतिशत, राऊ में 65.95 तथा सांवेर में लगभग शत-प्रतिशत कार्य पूर्ण हो गया है.
