
नई दिल्ली, 01 दिसंबर, 2025: केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री जगत प्रकाश नड्डा आज सोमवार को नई दिल्ली स्थित विज्ञान भवन में आयोजित होने वाले ‘विश्व एड्स दिवस 2025’ के वार्षिक राष्ट्रीय समारोह में शामिल होंगे। राष्ट्रीय एड्स नियंत्रण संगठन (एनएसीओ) द्वारा आयोजित यह कार्यक्रम एड्स को एक सार्वजनिक स्वास्थ्य खतरे के रूप में समाप्त करने की दिशा में भारत की यात्रा को गति देने के लिए एक एकीकृत दृष्टिकोण को दर्शाता है।
उपचार में डिजिटल नवाचारों और नई वीडियो श्रृंखला लॉन्च
समारोह का मुख्य आकर्षण एनएसीओ की राष्ट्रीय मल्टीमीडिया पहल के तहत एक नई अभियान वीडियो श्रृंखला का शुभारंभ होगा। यह श्रृंखला युवाओं पर फोकस, माँ से बच्चे में संक्रमण का उन्मूलन और भेदभाव से बचने पर केंद्रित होगी। साथ ही, एक प्रदर्शनी का उद्घाटन होगा, जिसमें राष्ट्रीय एड्स नियंत्रण कार्यक्रम (एनएसीपी) के तहत किए गए डिजिटल नवाचारों को प्रदर्शित किया जाएगा।
एचआईवी जांच और उपचार में भारत की प्रगति
केंद्रीय मंत्री का संबोधन ऐसे समय में हो रहा है जब भारत राष्ट्रीय एड्स नियंत्रण कार्यक्रम (एनएसीपी-5) के वर्तमान चरण के अंतर्गत पर्याप्त प्रगति कर रहा है। एचआईवी की जाँच में 60% से अधिक की वृद्धि हुई है, और पीएलएचआईवी को एआरटी (ART) तक पहुँच में भी उल्लेखनीय वृद्धि दर्ज की गई है। कार्यक्रम में एचआईवी से पीड़ित व्यक्तियों (पीएलएचआईवी) और अग्रणी स्वास्थ्य कार्यकर्ता भी शामिल होंगे।
