21 क्विंटल डोडाचूरा जब्ती मामले में गंगापुर पुलिस की पिपलिया में दबिश, 7 आरोपी गिरफ्तार

पिपलियामंडी। राजस्थान के भीलवाड़ा जिले के आसींद थाना क्षेत्र में 21 क्विंटल से अधिक डोडाचूरा जब्ती के बाद मामले की जांच कर रही गंगापुर पुलिस शनिवार को पिपलियामंडी पहुंची। पुलिस ने मुख्य सप्लायर रविंद्र सैनी उर्फ रवि माली से जुड़े तीन गोदामों पर करीब चार घंटे तक सघन तलाशी ली, जिसमें कई महत्वपूर्ण दस्तावेज, मोबाइल डेटा और संदिग्ध गतिविधियों से जुड़े तथ्य मिले।

24 नवंबर को आसींद थाना पुलिस ने नेशनल हाईवे 158 पर नाकाबंदी के दौरान एक ट्रक से 103 कट्टे डोडाचूरा (21 क्विंटल 29.620 किग्रा) जब्त किए थे। यह खेप कपास के कट्टों की आड़ में छिपाई गई थी। इसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार कीमत लगभग 3.20 करोड़ रुपये आंकी गई है। मौके से तीन आरोपी देवेंद्र दांडी, पारस और बशीर (निवासी बाड़मेर) गिरफ्तार किए गए थे।

एनडीपीएस एक्ट में दर्ज मामले की जांच गंगापुर थाने को सौंपे जाने के बाद पुलिस ने तस्करी नेटवर्क में शामिल चार और आरोपियों को गिरफ्तार किया —

• सुनील (जोधपुर) : ट्रक की एस्कॉर्ट टीम में शामिल

• जेठूदास (बालोतरा) : सुरक्षित मार्ग देने में सहयोग

• रविंद्र सैनी उर्फ रवि माली (पिपलियामंडी) : मुख्य सप्लायर, जिसके गोदामों की तलाशी में अहम साक्ष्य मिले

• गोपाल डांगी (हाथी बोलिया, नाहरगढ़ क्षेत्र) : सप्लाई चेन का सक्रिय सदस्य

 

सूत्रों के अनुसार रूपारेल गांव का एक और व्यक्ति नेटवर्क से जुड़ा हुआ है, जिसकी भूमिका की जांच की जा रही है और गिरफ्तारी की संभावना है।

 

थाना प्रभारी लीलाधर मालवीय ने बताया कि बदनावर से आए ट्रक में कपास के 485 कट्टे भरे थे, जिनमें से लगभग 275 कट्टे पिपलियामंडी में खाली कर उनमें डोडाचूरा भरा गया, जिसे जोधपुर भेजा जाना था। पुलिस ने सैनी के गोदाम से ट्रांसपोर्टरों के 265 कट्टे भी बरामद किए हैं।

 

जांच में सामने आया है कि यह गिरोह लंबे समय से सीमा क्षेत्र में सक्रिय था और अलग-अलग मार्ग बदलकर तस्करी करता था। कॉल डिटेल, बैंक लेन-देन और डिजिटल साक्ष्यों की गहन जांच जारी है। पुलिस ने कहा कि इस नेटवर्क में और गिरफ्तारियां संभव हैं।

Next Post

शराब चालान घोटाले में ईडी की बड़ी कार्रवाई: 70 करोड़ की संपत्ति जब्त

Sun Nov 30 , 2025
भोपाल/इंदौर/मंदसौर। मध्यप्रदेश के बहुचर्चित शराब फर्जी चालान घोटाले में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए लगभग 70 करोड़ रुपये की चल–अचल संपत्तियाँ जब्त कर ली हैं। कार्रवाई इंदौर, मंदसौर और खरगोन जिलों में की गई। ईडी की जांच में सामने आया है कि शराब परिवहन के लिए फर्जी […]

You May Like