जबलपुर: पुलिस मुख्यालय भोपाल के निर्देशानुसार 26 नवंबर से 10 दिसंबर 2025 तक जिले में विशेष जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। अभियान में हेलमेट, सीट बेल्ट, एचएसआरपी, वाहन बीमा, राहवीर, हिट-एंड-रन प्रतिकर तथा कैशलेस योजना सहित सड़क सुरक्षा के विभिन्न बिंदुओं पर जागरूक किया जा रहा है।
इसके बावजूद नियमों का उल्लंघन करने वालों पर शहर के प्रमुख स्थानों एसपी ऑफिस, व्हीकल मोड़, पिसनहारी की मढिया, कलेक्ट्रेट गेट, तीन पत्ती चौक, मालवीय चौक पर चेकिंग कर 160 वाहन चालकों पर कार्रवाई करते हुए 52,000 रुपए का जुर्माना वसूला गया।
6 स्कूली वाहनों पर हुई कार्यवाही
पुलिस अधीक्षक संपत उपाध्याय एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (यातायात) सुश्री अंजना तिवारी के निर्देश पर 27 नवंबर 2025 को क्राइस्ट चर्च स्कूल तैयबअली चौक और जीसीएफ केंद्रीय विद्यालय क्रमांक-01 में स्कूली वाहनों की विशेष चेकिंग की गई।
यातायात टीमों ने फर्स्ट-एड बॉक्स, अग्निशमन यंत्र, इमरजेंसी विंडो, कैमरा आदि की सुप्रीम कोर्ट गाइडलाइन अनुसार जांच की।जिन वाहनों में कमियां पाई गईं, उन 6 स्कूली वाहनों पर मोटर व्हीकल एक्ट के तहत चालान कार्रवाई की गई तथा चालकों/मालिकों को गाइडलाइन का पालन करने के निर्देश दिए गए।
