भारत की तरफ बढ़ा हेली गुब्बी ज्वालामुखी से निकले राख का बादल, विमान सेवाएं प्रभावित

नयी दिल्ली, 24 नवंबर (वार्ता) उत्तरी इथोपिया में हेली गुब्बी ज्वालामुखी के फूटने के बाद उससे निकले राख का बादल भारत की तरफ बढ़ रहा है जिससे विमान सेवाएं प्रभावित हुई हैं।

यह ज्वालामुखी 10 हजार साल से भी अधिक समय के बाद सक्रिय हुआ है। इसके कारण हवाई यातायात भी प्रभावित हो रहा है। मौसम विभाग के मुताबिक, ज्वालामुखी के राख का बादल आज रात भारत पहुंच जायेगा। इसके गुजरात, दिल्ली, राजस्थान और पंजाब में पहुंचने की आशंका है।

इससे भारत से पश्चिम एशिया की तरफ जाने वाली उड़ानें प्रभावित होनी शुरू हो गयी हैं। निजी विमान सेवा कंपनी स्पाइसजेट के एक प्रवक्ता ने ‘यूनीवार्ता’ को बताया कि उसकी दुबई जाने वाली उड़ानों पर इसका असर पड़ रहा है।

नागर विमानन महानिदेशालय (डीजीसीए) ने राख के बादल से प्रभावित इलाकों में जाने वाली उड़ानों के लिए सभी एयरलाइंस को एडवाइजरी जारी की है। उनसे ऑपरेशनल मैनुअल की समीक्षा करने और क्रू के इसके बारे में ब्रीफिंग देने के लिए कहा गया है। साथ ही पूरी सावधानी बरतने की हिदायत दी गयी है।

विमान सेवा कंपनी इंडिगो ने सोशल मीडिया पर यात्रियों से कहा है कि वह स्थिति पर नजर बनाये हुए है।

मुंबई एयरपोर्ट ने भी यात्रियों के लिए मशविरा जारी कर संबंधित एयरलाइंस के संपर्क में रहने की सलाह दी है।

कोच्चि हवाई अड्डे से दो उड़ानों के रद्द होने की खबर है जिसमें एक दुबई और एक जेद्दा जा रही थी।

 

Next Post

ईडी ने हैदराबाद में खरीदारों से फ्लैट के बहाने 60 करोड़ के रूपए की ठगी करने वाली कंपनी पर छापेमारी की

Mon Nov 24 , 2025
नयी दिल्ली, (वार्ता) प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) के हैदराबाद क्षेत्रीय कार्यालय ने हाल ही में हैदराबाद में आठ परिसरों पर तलाशी अभियान चलाया है। ईडी के सूत्रों के मुताबिक ये कार्रवाई जयथ्री इंफ्रास्ट्रक्चर्स इंडिया प्राइवेट लिमिटेड, इसके प्रबंध निदेशक काकरला श्रीनिवास और संबंधित संस्थाओं की जाँच का हिस्सा हैं। उन्होंने बताया […]

You May Like