फर्जीवाड़े की शिकायत पर ट्राई ने बंद किये 21 लाख मोबाइल नंबर

नयी दिल्ली, 24 नवंबर (वार्ता) भारतीय दूरसंचार नियामक प्राधिकरण (ट्राई) ने फर्जीवाड़े की शिकायत पर एक साल में 21 लाख मोबाइल नंबरों और एक लाख इकाइयों के खिलाफ कार्रवाई की है। ट्राई ने सोमवार को बताया कि स्पैम और फर्जीवाड़े से जुड़े मैसेज भेजने के कारण उसने 21 लाख मोबाइल नंबरों और करीब एक लाख इकाइयों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए या तो उन नंबरों को बंद या ब्लैकलिस्ट कर दिया है। नियामक ने आम लोगों से फर्जीवाड़े वाले नंबरों की शिकायत ट्राई डीएनडी ऐप पर करने की अपील की है। उसने कहा है कि स्पैम कॉल या मैसेज वाले नंबरों को फोन में ब्लॉक करने भर से दूसरे लोग उससे सुरक्षित नहीं होते हैं जबकि ऐप पर शिकायत करने से उस नंबर पर कार्रवाई कर उसके बंद या ब्लैकलिस्ट कर देने से पूरे समाज की सुरक्षा होती है।

किसी भी शिकायत पर कार्रवाई करने से पहले ट्राई जांच करता है और शिकायत सही पाये जाने पर स्थायी रूप से नंबर को बंद कर देता है।
आम लोगों के लिए मशविरा जारी करते हुए ट्राई ने उनसे मोबाइल फोन पर ट्राई डीएनडी ऐप डाउनलोड करने और स्पैम मैसेज/कॉल करने वाले नंबर की शिकायत उस पर करने की अपील की है। नियामक ने कहा है कि लोग अपने निजी या बैंकिंग विवरण कॉल, मैसेज या सोशल मीडिया पर शेयर न करें। यदि कोई धमकी भरा या संदेहास्पद कॉल आती है तो तुरंत काट दें। साइबर ठगी की रिपोर्ट राष्ट्रीय साइबर अपराध हेल्पलाइन नंबर 1930 पर या साइबरक्राइम.जीओवी.इन पर करें।

Next Post

शेयर बाजारों में लगातार दूसरी गिरावट, सेंसेक्स 331 अंक टूटा

Mon Nov 24 , 2025
मुंबई, 24 नवंबर (वार्ता) घरेलू शेयर बाजारों में सोमवार को लगातार दूसरे कारोबारी दिवस पर गिरावट रही और बीएसई का 30 शेयरों वाला संवेदी सूचकांक सेंसेक्स 331.21 अंक (0.39 प्रतिशत) लुढ़ककर 84,900.71 अंक पर बंद हुआ। नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) का निफ्टी-50 सूचकांक भी 108.65 अंक यानी 0.42 प्रतिशत टूटकर […]

You May Like