विद्युत विभाग के लिए वरदान बनी समाधान योजना, बकाया बिल राशि पर किया जा रहा सरचार्ज माफ

ब्यावरा: शासन द्वारा लागू की गई समाधान योजना विद्युत विभाग के लिए किसी वरदान से कम साबित नहीं हो रही है. समाधान योजना के तहत बड़े बकायादारों को सरचार्ज में छूट देते हुए अपनी बकाया राशि जमा करने का अवसर प्रदान किया जा रहा है, कई बकाया राशि वाले उपभोक्ता इस योजना का लाभ लेते हुए विद्युत विभाग कार्यालय पहुंचकर अपनी बकाया राशि जमा कर रहे है, इस तरह विभाग की वसूली हो रही है. अभी तक ब्यावरा, सुठालिया, मलावर, गिंदौरहाट क्षेत्र में ही लगभग 71 लाख रुपये बकाया राशि समाधान योजना के तहत जमा हो चुकी है.

विदित है कि समाधान योजनांतर्गत बकायादार बिजली उपभोक्ताओं को अपनी बकाया राशि एकमुश्त जमा करने पर उस लगने वाले सरचार्ज में पूरी तरह से छूट दी जा रही है. शासन द्वारा 1 नवम्बर को इस योजना को लांच किया गया इसके बाद 3 नवम्बर से इसके रजिस्ट्रेशन शुरु होकर उपभोक्ताओं को इसका लाभ मिलना शुरु हो गया.
सरचार्ज माफी का बेहतर अवसर
प्राय: लोक अदालत के माध्यम से बकायादारों को सरचार्ज माफी का लाभ मिलता रहा है. किंतु अब शासन द्वारा 1 नवम्बर से लेकर 28 फरवरी तक दो चरणों में समाधान योजना लागू की है. योजना के तहत 1 नवम्बर से 31 दिसम्बर तक पहला चरण एवं 1 जनवरी से 28 फरवरी तक दूसरा चरण होगा. 3 नवम्बर से से 31 दिसम्बर पहले चरण में घरेलू एवं कृषि उपभोक्ता जो कि बकायादार है उन्हें बकाया की राशि एकमुश्त जमा करने पर 100 प्रतिशत सरचार्ज में छूट रहेगी, जबकि गैर घरेलू उपभोक्ताओं को सरचार्ज में 80 प्रतिशत की छूट मिल सकेगी.

दूसरा चरण 1 जनवरी से 28 फरवरी तक रहेगा. इसमें भी बकाया वाले उपभोक्ताओं को एकमुश्त राशि जमा करने पर सरचार्ज में 100 प्रतिशत की छूट रहेगी, जबकि गैर घरेलू उपभोक्ताओं को सरचार्ज में 80 प्रतिशत की छूट मिलेगी.विद्युत वितरण कंपनी से प्राप्त जानकारी के अनुसार समाधान योजनांतर्गत आज दिनांक तक ब्यावरा ग्रामीण में 156 उपभोक्ताओं ने बकाया बिल राशि के रुप में करीब 35 लाख 1 हजार रुपये की राशि जमा की.

इसी प्रकार सुठालिया और गिंदौरहाट में 174 उपभोक्ताओं ने 21 लाख 34 हजार रुपये की राशि आयी. मलावर में 34 उपभोक्ताओं ने 2 लाख 67 हजार तथा ब्यावरा शहर में 50 उपभोक्ताओं ने 6 लाख 14 की राशि जमा की है, इस तरह इन क्षेत्रों में करीब 71 लाख रुपये की बकाया राशि जमा हो चुकी है. जेई प्रीतेश ठाकरे के अनुसार समाधान योजना के तहत सरर्चाज माफी का लाभ लेते हुए अपनी बकाया राशि जमा करने उपभोक्ता आ रहे है. उपभोक्ता समाधान योजना के तहत सरचार्ज पर छूट की इस लाभकारी योजना का अधिकाधिक लाभ ले.
कटे कनेक्शन भी होंगे बहाल
योजना के तहत ऐसे बकायादार उपभोक्ता जिनके विद्युत कनेक्शन बकाया राशि के चलते काटे जा चुके है अब यदि वह बकाया राशि एकमुश्त जमा करते है तो सरचार्ज में छूट मिलने के साथ ही उनके कटे कनेक्शन को पुन: बहाल किया जाएगा. शासन का उद्देश्य आम उपभाक्ताओं, किसानों एवं छोटे-छोटे उद्योगों का संचालन करने वाले ऐसे उपभोक्ता जिनका बकाया चला आ रहा है उनको राहत पहुंचाना है.

Next Post

राधाकृष्णन ने राज्यसभा के पीठासीन उप सभापतियों के पैनल का पुनर्गठन किया

Sat Nov 22 , 2025
नयी दिल्ली 22 नवम्बर (वार्ता) राज्यसभा के सभापति सी. पी. राधाकृष्णन ने संसद के शीतकालीन सत्र से पहले उच्च सदन में सुचारू कामकाज के लिए पीठासीन उप सभापतियों के पैनल को पुनगर्ठित किया है। राज्यसभा सचिवालय ने शनिवार को बताया कि पीठासीन उप सभापतियों के नये पैनल में सर्वश्री दिनेश […]

You May Like