
ब्यावरा। स्थानीय शहीद कॉलोनी स्थित विद्युत वितरण कंपनी के कार्यालय में उपभोक्ताओं के बिजली बिल जमा नहीं हो पा रहे है. चार-पांच दिनों से यह समस्या बनी हुई है, जिसके कारण उपभोक्ताओं को परेशान होना पड़ रहा है.
जानकारी के अनुसार उपभोक्ता बिल जमा करने कार्यालय पहुंच रहे है तो वहां पर सर्वर डाउन होने, नेटवर्क कार्य एवं पोर्टल अपडेट किए जाने आदि अन्य तकनीकि कारण बताकर फिलहाल बिल जमा नहीं होने की बात कही जा रही है. उपभोक्ताओं का कहना है कि वह चार-पांच दिन से कार्यालय के चक्कर लगा रहे है परन्तु समस्या जस की तस बनी हुई है. ऐसे में उन उपभोक्ताओं की परेशानी और बढ़ गई है जिनके बिल जमा करने की अंतिम तारीख समीप है.
सर्वर डाउन, अपडेट का कार्य होने से दिक्कत
इस संबंध में विद्युत वितरण कंपनी प्रबंधन का कहना है कि बीते दो दिन नेटवर्क कार्य के चलते बिल जमा नहीं हो सके इसके बाद समाधान योजना के तहत पोर्टल व अन्य तकनीकि कार्य किए जाने के कारण बिल जमा नहीं हो सके है. कंपनी का कहना है कि संभवत: आज कार्य पूर्ण होने पर पूर्व की तरह बिल जमा हो सकेंगे.
