नयी दिल्ली, 20 नवम्बर (वार्ता) दिल्ली के पर्यटन मंत्री कपिल मिश्रा ने गुरुवार को कहा कि यमुना को दिल्ली की नयी पहचान बनाना हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है।
श्री मिश्रा की अध्यक्षता में आज यहां ‘सोनिया विहार ऑनशोर सुविधा परियोजना’ की उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक में यह निर्णय लिया गया कि सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय स्थापित करते हुए इस प्रोजेक्ट को धरातल पर उतारने के लिए तेज़ी से प्रयास करेंगे। यमुना क्षेत्र में सभी गतिविधियाँ एनजीटी के पर्यावरणीय मानकों के अनुरूप संचालित होंगी।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया निर्माण कार्यों में किसी भी प्रकार की देरी न हो तथा सभी कार्य गुणवत्तापूर्ण और निर्धारित समय-सीमा में पूरे किए जाएँ।
श्री मिश्रा ने कहा, “यमुना को दिल्ली की नयी पहचान बनाना हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है। ‘सोनिया विहार ऑनशोर प्रोजेक्ट’ दिल्ली के रिवर टूरिज़्म को नयी दिशा देगा। सभी विभाग समन्वित तरीके से, उच्च गुणवत्ता के साथ और निर्धारित समय-सीमा में कार्य करें। यह दिल्ली के भविष्य का प्रोजेक्ट है और इसे तेज़ रफ्तार से आगे बढ़ाया जाएगा।”
