दद्दा धाम प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव कार्यक्रम में शामिल हुए केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान 

कटनी। झिझरी स्थित दद्दा धाम प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव के पाँचवे और अंतिम दिवस पर आज मध्यप्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री एवं केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान, केंद्रीय मंत्री फग्गन सिंह कुलस्ते, भाजपा के वरिष्ठ नेता अरविंद मेनन और विनोद गोटिया का आगमन हुआ।

पूर्व मंत्री एवं विधायक संजय सत्येंद्र पाठक तथा फिल्म अभिनेता आशुतोष राणा ने सभी अतिथियों का आत्मीय स्वागत किया। इसके पश्चात केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान का काफिला सीधे प्राण प्रतिष्ठा समारोह स्थल पहुँचा, जहाँ उन्होंने सबसे पहले परम पूज्य गृहस्थ संत पंडित देव प्रभाकर शास्त्री “दद्दाजी” की समाधि पर पहुंचकर माथा टेका और आशीर्वाद लिया।

इसके बाद अतिथिगण दद्दा जी के नवनिर्मित मंदिर पहुँचे, जहाँ वैदिक मंत्रोच्चार के बीच पूजा-अर्चना संपन्न हुई। मंदिर दर्शन के उपरांत सभी अतिथि कथा स्थल पहुंचे, जहाँ सुप्रसिद्ध कथा वाचक पंडित इंद्रेश उपाध्याय जी महाराज, भागवत प्रभु जी महाराज एवं पंडित बद्री प्रपन्नाचार्य जी महाराज कथा व्यास पर विराजमान थे।

कथा स्थल पर केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान के पहुंचते ही वातावरण तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा। कथा व्यास से विधायक संजय सत्येंद्र पाठक ने केंद्रीय मंत्री सहित अन्य अतिथियों का स्वागत करते हुए आभार व्यक्त किया और शिवराज सिंह चौहान को श्रद्धालुओं को संबोधित करने हेतु आमंत्रित किया।

अपने उद्बोधन में श्री चौहान ने कहा कि “परम पूज्य दद्दाजी आज भी हमारे बीच विद्यमान हैं और हर किसी को आशीर्वाद प्रदान कर रहे हैं। दद्दाजी भक्ति, भाव और कर्म की त्रिवेणी थे, उनका निराकार रूप सदैव हमारे साथ रहेगा।”

 

उन्होंने आगे कहा कि “गुरु और शिष्य के समर्पण भाव का इतना अद्भुत प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव मैंने पहले कभी नहीं देखा।” श्री चौहान ने इस विराट आयोजन के लिए विधायक संजय सत्येंद्र पाठक की सराहना करते हुए कहा कि यह आयोजन दद्दाजी के आदर्शों और उनके प्रति अपार श्रद्धा का प्रतीक है।

इस अवसर पर बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, दद्दा शिष्य मंडल के सदस्य और श्रद्धालु उपस्थित रहे।

Next Post

फर्जी डीएड अंकसूचियों के जरिए 34 शिक्षक बने सरकारी कर्मचारी, एसटीएफ की जांच में खुलासा

Thu Nov 13 , 2025
ग्वालियर। एसटीएफ ने सरकारी नौकरी में फर्जीवाड़े का बड़ा खुलासा किया है। माध्यमिक शिक्षा मंडल के नाम पर फर्जी डीएड अंकसूचियों के जरिए शिक्षक भर्ती में घोटाला किया गया था। एसटीएफ ने 8 नामजद सहित 34 शिक्षकों पर केस दर्ज किया है, जिनमें सात ग्वालियर के हैं। जांच में सामने […]

You May Like

मनोरंजन