द्वारकापुरी पुलिस ने सोने की ठगी के दो आरोपी पकड़े, 35 लाख का माल बरामद

इंदौर: जनेश्वर ज्वेलर्स अहमदाबाद के सेल्समैन को झांसा देकर 325 ग्राम सोना हड़पने वाले दो आरोपियों को द्वारकापुरी पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है. पुलिस ने आरोपियों से करीब 35 लाख रुपए मूल्य का सोना बरामद किया है.8 नवंबर को रमेश कुमार कांची निवासी अहमदाबाद ने थाना द्वारकापुरी में शिकायत दर्ज कराई थी कि वह 325 ग्राम सोने के जेवर लेकर इंदौर के ‘स्वर्णकार ज्वेलर्स’ नामक दुकान पर डिलीवरी देने आया था.

दुकान संचालक ने जेवर तो ले लिए, लेकिन भुगतान आरटीजीएस से करने का बहाना बनाकर वहां से चला गया. उसका साथी दुकान पर मौजूद रहा. कुछ देर बाद फोन पर सेल्समैन को बैंक बुलवाया गया, लेकिन जब वह बैंक पहुंचा तो आरोपी वहां नहीं मिला और लौटकर देखा तो दुकान पर ताला लगा मिला, मोबाइल भी बंद थे. प्रकरण की गंभीरता देखते हुए पुलिस आयुक्त, डीसीपी जोन-4 और एसीपी अन्नपूर्णा ने तुरंत कार्रवाई के निर्देश दिए.

जांच में थाना प्रभारी मनीष मिश्र के नेतृत्व में टीम ने आसपास के सीसीटीवी फुटेज, बैंक लेन-देन और तकनीकी साक्ष्य के आधार पर उत्तर प्रदेश के महोबा के बजरंग चौक सुभाष नगर में रहने वाले 35 वर्षीय शशांक सोनी पिता संतोष कुमार सोनी और 29 वर्षीय राहुल सोनी पिता छोटेलाल सोनी निवासी सनसिटी कॉलोनी, उतरपुर को आरोपियों को दबोच लिया.
इस तरह रचा था ठगी का खेल
दोनों आरोपी पहले ज्वेलरी व्यवसाय से जुड़े रह चुके हैं और उन्हें जानकारी थी कि अहमदाबाद के ज्वेलर्स इंदौर जैसे शहरों में एडवांस पेमेंट पर सोने की सप्लाई करते हैं. योजना के तहत उन्होंने जनेश्वर ज्वेलर्स से 50,000 अग्रिम देकर करीब 350 ग्राम सोने का ऑर्डर दिया. ऑर्डर की डिलीवरी से तीन दिन पहले आरोपियों ने द्वारकापुरी क्षेत्र में एक दुकान किराए पर लेकर वहां ‘स्वर्णकार ज्वेलर्स’ का बोर्ड लगा दिया. अंदर दुकान जैसा सेटअप तैयार किया ताकि किसी को शक न हो. जब सेल्समैन डिलीवरी लेकर पहुंचा तो उसे पूरा माहौल असली दुकान जैसा लगा. सोना लेने के बाद आरोपियों ने मोबाइल से ऑनलाइन ट्रांजेक्शन का नाटक किया और फिर आरटीजीएस के नाम पर बैंक बुलाकर माल सहित फरार हो गए.

Next Post

डीएम के निर्देश पर कैंसर हीलर सेंटर सील

Thu Nov 13 , 2025
इंदौर:डीएम के निर्देश पर न्यू पलासिया स्थित कैंसर हीलर सेंटर, डायमंड कॉलोनी, प्रोस्पेरिटी टॉवर की चौथी मंजिल पर संचालित क्लिनिक को प्रशासनिक टीम ने सील कर दिया.शिकायत ग्वालियर निवासी कमल जैन ने की थी. उन्होंने बताया कि उनकी पत्नी भारती जैन कैंसर से पीड़ित थीं और इलाज के नाम पर […]

You May Like