बिहार में सर्दी ने दी दस्तक, दक्षिण और पश्चिम इलाकों की रातें हुई ठंढ़

पटना, 12 नवंबर (वार्ता) बिहार में मौसम के बदलते मिज़ाज के साथ ही प्रदेश के दक्षिण और पश्चिमी इलाकों में न्यूनतम तापमान में गिरावट दर्ज की जा रही है, जिससे रात के समय ठंडक महसूस होने लगी है।

मंगलवार को बिहार में न्यूनतम तापमान 12.5 डिग्री से 17.2 डिग्री सेल्सियस के बीच रिकॉर्ड किया गया।

राज्य में सबसे कम न्यूनतम तापमान औरंगाबाद में 12.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ, जबकि मोतिहारी में अधिकतम तापमान 31 डिग्री सेल्सियस रहा, जो राज्य में सबसे ज्यादा रहा। मौसम विभाग के अनुसार, अधिकतम तापमान में फिलहाल कोई खास गिरावट नहीं देखी जा रही है। मंगलवार को बिहार का अधिकतम तापमान 25.5 से 31 डिग्री सेल्सियस के बीच रहा।

गया, शेखपुरा, औरंगाबाद, वैशाली, समस्तीपुर, अरवल और सहरसा जैसे इलाकों में न्यूनतम तापमान 14 डिग्री या उससे कम दर्ज किया गया है। इससे इन इलाकों में सुबह और रात के समय सर्दी का असर महसूस होने लगा है।

मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि पछुआ हवा की गति अभी सामान्य बनी हुई है, इसलिये सर्दी का प्रभाव बहुत तेज़ नहीं है। आगामी तीन- चार दिनों में भी हवा की गति में कोई बड़ा बदलाव नहीं होने के संकेत हैं। हालांकि, हवा की दिशा और नमी में बदलाव की वजह से सुबह के समय बिहार के कई इलाकों में घनी धुंध छा सकती है।

मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि राज्य के शहरी इलाकों में हवा की गुणवत्ता बहुत अस्वस्थ की श्रेणी में बनी रह सकती है। इससे श्वसन संबंधी बीमारियों से ग्रसित लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।

विभाग ने बताया कि अगले तीन से चार दिनों तक राज्य में मौसम पूरी तरह शुष्क रहने की संभावना है। बारिश की कोई संभावना नहीं है, लेकिन न्यूनतम तापमान में गिरावट के साथ सर्दी का असर अब धीरे- धीरे बढ़ने लगा है।

 

Next Post

लखनऊ में पटाखा फैक्ट्री में विस्फोट, पुलिस और फायर ब्रिगेड ने संभाला मोर्चा

Wed Nov 12 , 2025
लखनऊ 12 नवम्बर (वार्ता) लखनऊ के थाना नगराम क्षेत्र में बुधवार की सुबह एक पटाखा फैक्ट्री में अचानक भीषण आग लग गई। एक के बाद एक कई विस्फोटों से आसपास का इलाका दहल उठा। नगराम के छतौनी रोड पर खेतों में स्थित इस फैक्ट्री में लगी आग ने कुछ ही […]

You May Like