
नई दिल्ली। कांग्रेस ने दिल्ली में लाल किला के पास हुए विस्फोट पर चिंता जताते हुए सरकार से इसके कारणों का जल्द पता लगाने की मांग की है।
कांग्रेस के मीडिया एवं पब्लिसिटी विभाग के चेयरमैन पवन खेड़ा ने कहा कि इस धमाके के पीछे कौन लोग हैं और इसकी वजह क्या है, इसका पता जल्द लगाया जाना चाहिए।
चिंता का माहौल
खेड़ा ने कहा कि देश में चिंता और भय का माहौल है। देश के मन में बहुत सारे सवाल हैं, जिनके जवाब मिलने चाहिए। यह धमाका किसने कराया और इसके पीछे क्या सच्चाई है, जब तक सरकार इस पर जानकारी नहीं देती, तब तक इस मुद्दे पर बोलना वाजिब नहीं होगा। खेड़ा ने कहा कि देश की राजधानी में इस तरह का धमाका होना कई बड़े सवाल खड़े करता है। सरकार इस घटना की सच्चाई जल्द सामने लाये ताकि लोगों के मन में फैली आशंकाएं दूर हो सकें।
केंद्र सरकार सच्चाई उजागर करे: सिद्धारमैया
वहीं, मैसूर में कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्धारमैया ने कहा है कि केंद्र सरकार को देश में हर बार चुनाव के दौरान होने वाले बम विस्फोटों की सच्चाई उजागर करनी चाहिए। उन्होंने दिल्ली में विस्फोट की घटना पर दुख भी जताया।सिद्धारमैया ने कहा कि दिल्ली में लाल किले के पास एक कार विस्फोट हुआ है। केंद्र सरकार को चुनाव के दौरान हुए बम विस्फोटों के बारे में बोलना चाहिए। उन्हें जांच करनी चाहिए और सच्चाई सामने लानी चाहिए।” दिल्ली विस्फोट का बिहार चुनाव में मतदान पर असर के सवाल पर मुख्यमंत्री ने कहा कि यह केंद्र का मामला है। हमारे लिए अटकलें लगाना सही नहीं है। बम विस्फोट नहीं होने चाहिए। निर्दोष लोगों की जान जाना दुखद है। सरकारों और सभी को शांति और सुरक्षा का माहौल बनाने के लिए मिलकर काम करना चाहिए।
