मुंबई, 10 नवंबर (वार्ता) अंतरबैंकिंग मुद्रा बाजार में रुपया सोमवार को आठ पैसे कमजोर हुआ और कारोबार की समाप्ति पर एक डॉलर 88.73 रुपये के भाव बोला गया।
भारतीय मुद्रा लगातार दूसरे दिन गिरावट में बंद हुई है। पिछले कारोबारी दिवस पर यह दो पैसे टूटकर 88.65 रुपये प्रति डॉलर पर बंद हुई थी।
रुपया आज एक पैसे की बढ़त के साथ 88.64 रुपये प्रति डॉलर पर खुला, लेकिन इसके बाद लगातार नीचे की ओर लुढ़कता गया। कारोबार की समाप्ति तक यह 88.73 रुपये प्रति डॉलर तक टूटकर उसी स्तर पर बंद हुआ।
बैंकों के डॉलर खरीद बढ़ाने और अंतर्राष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल के दाम बढ़ने से रुपये पर दबाव रहा। हालांकि, दुनिया की अन्य प्रमुख मुद्राओं के बास्केट में डॉलर में रही तेजी से रुपये को समर्थन मिला और इसकी गिरावट सीमित रही। घरेलू शेयर बाजारों में तेजी ने भी भारतीय मुद्रा को समर्थन दिया।
