सीहोर। शहर के ब्लू बर्ड स्कूल के दो होनहार छात्रों ने खेल जगत में नया कीर्तिमान स्थापित किया है. छात्रा आशिका जैन एवं छात्र अनंत प्रताप मेवाड़ा का चयन राज्य शिक्षा विभाग द्वारा आयोजित स्कूल गेम्स की राज्य स्तरीय क्रिकेट प्रतियोगिता के लिए हुआ है.
आशिका जैन का चयन 19 वर्षीय बालिका वर्ग में विकेट कीपर एवं बल्लेबाज के रूप में हुआ है. उन्होंने विदिशा में आयोजित संभाग स्तरीय प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन कर चयनकर्ताओं का ध्यान आकर्षित किया. उनकी बल्लेबाजी और विकेट के पीछे की फुर्ती ने उन्हें टीम में स्थान दिलाया. वहीं, अनंत प्रताप मेवाड़ा 14 वर्षीय बालक वर्ग में मीडियम पेस बॉलर हैं. अनंत अब छतरपुर में आयोजित होने वाली राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में भोपाल संभाग का प्रतिनिधित्व करेंगे.
गौरतलब है कि आशिका कक्षा 8 वीं एवं अनंत कक्षा 6 वीं के छात्र हैं. दोनों खिलाडिय़ों को कोच चेतन मेवाड़ा द्वारा प्रशिक्षण प्रदान किया गया है. उनकी मेहनत और मार्गदर्शन ने इन विद्यार्थियों को इस मुकाम तक पहुंचाया. इस उपलब्धि पर विद्यालय परिवार, शिक्षकों, सहपाठियों एवं अभिभावकों ने दोनों छात्रों को बधाई दी है और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है.
