
दमोह: 17 वर्षीय सुमित जैन, जो इलाके में गौसेवा कार्यों से जुड़ा था, जिसकी हत्या कर दी गई. वारदात के बाद सनसनी फैल गई.पुलिस ने तीन आरोपियों को अभिरक्षा में लिया है, जबकि एक अन्य फरार बताया जा रहा है. जानकारी के अनुसार, सुमित जैन उम्र लगभग 17 -18 अपने तीन साथियों के साथ दो मोटरसाइकिलों से किल्लाई नाका की ओर जा रहा था. इसी दौरान रास्ते में तीन युवकों ने उन्हें रोक लिया.दोनों पक्षों में कहासुनी हुई और एक आरोपी ने अपने साथी को फोन कर मौके पर बुला लिया.
इसके बाद झगड़ा बढ़ गया और आरोपियों ने सुमित जैन और उसके साथी शिवा चौरसिया पर चाकू से हमला कर दिया.गंभीर रूप से घायल सुमित को जिला अस्पताल लाया गया, जहां हालत नाजुक होने पर उसे जबलपुर रेफर किया गया, लेकिन रास्ते में ही उसने दम तोड़ दिया.देर रात शव के दमोह पहुंचने पर बड़ी संख्या में लोग अस्पताल के बाहर एकत्र हो गए और माहौल तनावपूर्ण हो गया.
घटना में घायल शिवा चौरसिया ने बताया कि उनका किसी से कोई पुराना विवाद नहीं था.शराब के नशे में धुत युवकों ने रास्ते से गुजरते समय गाली-गलौज की, जिसे मना करने पर झगड़ा बढ़ गया और एक आरोपी ने अपने साथी को बुलाकर हमला कर दिया. घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर सीएसपी एचआर पांडे, टीआई कोतवाली मनीष कुमार सहित पुलिस बल तैनात है.
सीएसपी एच.आर. पांडे ने बताया कि तीन नामजद आरोपियों के खिलाफ धारा 302 के तहत हत्या का मामला दर्ज किया गया है. जिसमें तीन आरोपियों को अभिरक्षक में लेकर पूछताछ की जा रही है, जबकि चौथे की तलाश जारी है.तनाव की स्थिति को देखते हुए जिला अस्पताल और घटनास्थल पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया, पुलिस अधिकारियों का कहना है एक और आरोपी को जल्द गिरफ्तार कर घटना के सभी पहलुओं की जांच की जाएगी.
