मैहर:150वें ’वंदे मातरम् स्मरणोत्सव’ के पावन अवसर पर मैहर जिला कलेक्ट्रेट कार्यालय का प्रांगण शुक्रवार को देशभक्ति के उत्साह और राष्ट्रीय गौरव के रंग में सराबोर हो गया। राष्ट्रगीत ’वंदे मातरम’ के ऐतिहासिक सफर के 150 वर्ष पूर्ण होने पर आयोजित इस विशेष कार्यक्रम में स्कूली छात्र-छात्राओं तथा बड़ी संख्या में उपस्थित लोगों द्वारा राष्ट्रगीत का सामूहिक गायन किया गया.
जिसने पूरे वातावरण को ऊर्जा और गर्व से भर दिया। यह समारोह राष्ट्रीय एकता और सांस्कृतिक विरासत को समर्पित रहा। जिसमें बच्चों से लेकर प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी तक सभी ने एक स्वर में राष्ट्रगीत गाकर देश के प्रति अपनी आस्था और सम्मान प्रकट किया। स्कूली छात्र-छात्राओं की उपस्थिति और उनके उत्साहपूर्ण गायन ने कार्यक्रम की गरिमा को कई गुना बढ़ा दिया।
गणमान्य नागरिकों की रही उपस्थिति
इस महत्वपूर्ण एवं प्रेरणादायक अवसर पर मैहर के जनप्रतिनिधि और प्रशासनिक अधिकारी प्रमुख रूप से उपस्थित रहे। कार्यक्रम में मैहर विधायक श्रीकांत चतुर्वेदी और कलेक्टर श्रीमती रानी बाटड़ की उपस्थिति विशेष रूप से उल्लेखनीय रही। इसके अतिरिक्त अपर कलेक्टर सुश्री संजना जैन, जिलाध्यक्ष कमलेश सुहाने, एसडीएम दिव्या पटेल, डिप्टी कलेक्टर आशिमा पटेल, नगर पालिका अध्यक्ष संतोष सोनी, सत्यभान सिंह, सीएमओ सुषमा मिश्रा तथा महिला बाल विकास अधिकारी राजेंद्र बांगरे भी उपस्थित थे।
विश्वनाथ चौरसिया और अंबुज द्विवेदी सहित महाविद्यालय के शिक्षक और नगर के गणमान्य नागरिक भी इस ऐतिहासिक स्मरणोत्सव के साक्षी बने। अधिकारियों और नागरिकों ने इस अवसर पर राष्ट्रगीत के महत्व को रेखांकित किया और युवा पीढ़ी को देश की सांस्कृतिक एवं स्वतंत्रता संग्राम की विरासत से जुड़ने का आह्वान किया। पूरे कार्यक्रम का सफल आयोजन राष्ट्रीय गौरव की भावना को बल देने में सहायक रहा।
