इंदौर। चार जून को होने वाली मतों की गणना की तैयारियां पूरी हो गई। मतों की गणना नेहरू स्टेडियम में की जायेगी। नेहरू स्टेडियम में विधानसभा क्षेत्रवार मतों की गणना की जायेगी। धार संसदीय क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले डॉ. अम्बेडकर नगर महू विधानसभा क्षेत्र के मतों की गणना भी इंदौर में होगी। मतगणना कार्य के लिए लगभग 700 अधिकारी-कर्मचारियों को तैनात किया गया है। इनको दो चरणों में मतगणना के लिए प्रशिक्षण भी दिया गया है।
कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी आशीष सिंह ने आज यहां मतगणना स्थल पहुंचकर मतगणना की व्यवस्थाओं की समीक्षा की। इस दौरान नगर निगम आयुक्त शिवम वर्मा, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन सिद्धार्थ जैन, अपर आयुक्त अभिलाष मिश्रा, उप जिला निर्वाचन अधिकारी तथा अपर कलेक्टर राजेन्द्र सिंह रघुवंशी सहित अन्य अधिकारी भी मौजूद थे।