कोलकाता, 06 नवंबर (वार्ता) पश्चिम बंगाल के मुख्य निर्वाचन अधिकारी (सीईओ) मनोज कुमार अग्रवाल ने विश्वास जताया है कि मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) की प्रक्रिया में मतदाता की शर्त रखने वाले प्रत्येक मतदाता को शामिल किया जाएगा। उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि इस प्रक्रिया से कोई भी वंचित नहीं रहेगा।
श्री अग्रवाल ने अलीपुरद्वार में एक समीक्षा बैठक के बाद पत्रकारों से बात करते हुए कहा, “सभी को शामिल किया जाएगा। कोई भी पात्र उम्मीदवार नहीं छूटेगा। परिवार के सदस्य गणना फॉर्म भर सकते हैं लेकिन इसके लिए उन्हें क्यूआर कोड प्रणाली का उपयोग करना होगा।”
सीईओ ने फॉर्म की कमी के बारे में कुछ बूथ स्तरीय अधिकारियों (बीएलओ) की चिंताओं का समाधान करते हुए कहा कि फॉर्म की कोई कमी नहीं है और पुनरीक्षण प्रक्रिया के लिए पर्याप्त आपूर्ति सुनिश्चित की गई है।
श्री अग्रवाल ने तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) कार्यकर्ताओं द्वारा भारतीय जनता पार्टी के बूथ स्तरीय एजेंटों (बीएलए) पर हमलों की खबरों के बाबत कहा कि जिला निर्वाचन अधिकारियों और सहायक निर्वाचन अधिकारियों को ऐसी घटनाओं का तुरंत और उचित तरीके से समाधान करने के निर्देश दिए गए हैं।
सीईओ ने हाल ही में चल रहे पुनरीक्षण से जुड़ी आत्महत्याओं के बारे में पूछे जाने पर किसी भी तरह की घबराहट की आशंकाओं को खारिज करते हुए कहा कि एसआईआर प्रक्रिया से जुड़ी ‘चिंता का कोई कारण’ नहीं है।
