खेल शरीर के साथ मन, मस्तिष्क और आत्मा को भी रखते हैं संतुलित

सीहोर। ग्राम धामंदा में सांसद खेल महोत्सव के अंतर्गत खेल प्रतियोगिता का आयोजन किया गया. कार्यक्रम में केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान व राजस्व मंत्री करणसिंह वर्मा शामिल हुए. इस अवसर पर उन्होंने शहीद नायक जितेंद्र कुमार की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर पुष्पांजलि अर्पित की.

कार्यक्रम में केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि खेल जीवन का अभिन्न हिस्सा है. खेल केवल शरीर को स्वस्थ नहीं बनाते बल्कि मन, मस्तिष्क और आत्मा को भी संतुलित रखते हैं. उन्होंने कहा कि जब कोई युवा खेल मैदान में पसीना बहाता है, तो वह केवल अपनी जीत के लिए नहीं बल्कि अपने व्यक्तित्व के निर्माण के लिए संघर्ष करता है. खेलों से व्यक्ति में अनुशासन, संयम, परिश्रम टीम भावना जैसे गुणों का विकास होता है, जो जीवन में सफलता का आधार बनते हैं. उन्होंने कहा प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भारत आज फिट इंडिया मूवमेंट और खेलो इंडिया जैसे अभियानों के माध्यम से युवाओं को नयी दिशा दे रहा है. हमारा उद्देश्य है कि हर गांव से खिलाड़ी निकले, हर बच्चा खेलों से जुड़े और भारत खेल के क्षेत्र में भी आगे बढ़े.

इस अवसर पर राजस्व मंत्री करणसिंह वर्मा ने कहा कि खेल जीवन का सबसे सुंदर अध्याय हैं. खेल हमें सिखाते हैं कि जीत और हार दोनों को समान भाव से स्वीकार करना चाहिए. खेलों से न केवल शरीर मजबूत होता है बल्कि मन भी दृढ़ होता है. एक खिलाड़ी कभी निराश नहीं होता, वह हर हार से सीखता है और अगली बार और बेहतर प्रदर्शन करने का संकल्प लेता है. राजस्व मंत्री श्री वर्मा ने कहा कि खेल युवाओं को अनुशासन, एकता और परिश्रम की राह दिखाते हैं. आज का युवा अगर मैदान में समय देगा तो कल वह किसी न किसी क्षेत्र में अवश्य चमकेगा. हमारे देश के युवाओं में असीम ऊर्जा और प्रतिभा है, जरूरत केवल अवसर और दिशा की है. सांसद खेल महोत्सव जैसे आयोजन इसी दिशा में एक बड़ी पहल है. केंद्रीय कृषि मंत्री एवं राजस्व मंत्री ने इस अवसर पर विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाडिय़ों को सम्मानित किया.

खेल महोत्सव कार्यक्रम में भाजपा जिला अध्यक्ष नरेश मेवाड़ा, रायसेन भाजपा जिला अध्यक्ष राकेश शर्मा, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती रचना सुरेंद्र मेवाड़ा, पूर्व विधायक रामपाल सिंह, इछावर नगर परिषद अध्यक्ष देवेंद्र वर्मा, गौरव सन्नी महाजन, रवि मालवीय, पंकज गुप्ता, पैरालंपिक जूडो खिलाड़ी कपिल परमार सहित अन्य जनप्रतिनिधि, खिलाड़ी एवं नागरिक उपस्थित थे.

 

Next Post

जिम से लौटे युवक को आया हार्ट अटैक, मौत

Thu Nov 6 , 2025
इंदौर:बाणगंगा थाना क्षेत्र में एक युवक की अचानक तबीयत बिगड़ने के बाद मौत हो गई. परिजन उसे अस्पताल ले गए, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद हार्ट अटैक से मौत होना बताया. युवक रोज कसरत करने जिम जाता था. शाम को जिम से लौटकर आने के बाद ही उसकी तबीयत […]

You May Like