
छतरपुर। जिले के नौगांव जनपद पंचायत के महतौल ग्राम पंचायत से एक बड़ा फर्जीवाड़ा सामने आया है। यहां पदस्थ पंचायत सचिव प्रेमनंद रैकवार पर सैकड़ों फर्जी जन्म प्रमाण पत्र जारी करने का आरोप लगा है। जैसे ही मामले की जानकारी जिला प्रशासन को हुई, जिला पंचायत सीईओ नमः शिवाय अरजरिया ने सचिव को तत्काल निलंबित कर दिया और मामले की जांच के लिए तीन सदस्यीय समिति गठित कर दी है।
सीईओ के अनुसार, सचिव ने अपने सवा साल के कार्यकाल में 1134 जन्म प्रमाण पत्र जारी किए, जिनमें जांच के दौरान फर्जी प्रमाण पत्र पाए गए। अब इसकी विस्तृत जांच एसडीएम गोपाल पटेल की अध्यक्षता में की जाएगी और 7 दिनों में रिपोर्ट शासन को भेजी जाएगी।
सबसे चौंकाने वाली बात यह सामने आई है कि महतौल गांव में कोई भी मुस्लिम परिवार नहीं रहता, फिर भी यहां की निवासी बताकर अंजुम खान नाम की महिला का जन्म प्रमाण पत्र जारी किया गया। दस्तावेजों की जांच में यह प्रमाण पत्र पूरी तरह फर्जी साबित हुआ और इसे जारी करते समय तहसीलदार की अनुमति भी नहीं ली गई थी।
प्रशासन ने मामले को गंभीर अनियमितता मानते हुए कहा है कि जांच पूरी होने के बाद कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
