नयी दिल्ली, 05 नवंबर (वार्ता) प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने बुधवार को दिवंगत लोक गायिका शारदा सिन्हा की पहली पुण्यतिथि पर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। प्रधानमंत्री ने बिहार की समृद्ध कला एवं सांस्कृतिक विरासत को आगे बढ़ाने में उनके योगदान को याद किया। उन्हें प्यार से ‘बिहार कोकिला’ भी कहा जाता है।
अपने आधिकारिक एक्स हैंडल पर एक पोस्ट में श्री मोदी ने कहा, “बिहार कोकिला शारदा सिन्हा जी की पहली पुण्यतिथि पर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि।”
श्री मोदी ने उनके अमिट प्रभाव को याद करते हुए कहा, “उन्होंने लोकगीतों के माध्यम से बिहार की कला एवं संस्कृति को एक नई पहचान दी, जिसके लिए उन्हें हमेशा याद किया जाएगा। महान पर्व छठ से जुड़े उनके मधुर गीत हमेशा लोगों के दिलों में बसे रहेंगे।”
प्रसिद्ध लोक गायिका शारदा सिन्हा पारंपरिक बिहारी लोकगीतों, विशेषकर छठ पूजा के मुख्य गीतों, की अपनी भावपूर्ण प्रस्तुतियों के लिए प्रसिद्ध थीं। उनके सदाबहार संगीत ने हर पीढ़ी के श्रोताओं को प्रभावित किया और उन्हें ‘बिहार कोकिला’ के नाम से जाना जाता है।

