सड़क निर्माण में बाधक हटाएं, पेच वर्क कार्य में तेजी लाएं

इंदौर:महापौर पुष्यमित्र भार्गव की अध्यक्षता में आज विधानसभा एक के अंतर्गत आने वाले वार्डों के विकास कार्यों की समीक्षा बैठक सिटी बस कार्यालय में आयोजित की गई. बैठक के दौरान महापौर श्री भार्गव द्वारा विधानसभा 01 के अंतर्गत आने वाले झोन क्रमांक 1, 2, 4, 15 एवं 16 के अंतर्गत वार्ड क्रमांक 1 से 17 तक के विकास कार्यों की वार्डवार समीक्षा की गई. इन वार्डों में चल रहे एवं प्रस्तावित सड़क निर्माण, सीवरेज कार्य, उद्यान विकास, संजीवनी क्लिनिक, योग शेड निर्माण, पेचवर्क एवं अन्य अधोसंरचनात्मक कार्यों की विस्तृत जानकारी ली गई.

महापौर भार्गव ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि वार्ड क्षेत्र में जहां सड़क निर्माण या अन्य बाधक निर्माण कार्य हो रहे हैं, वहां अवरोध हटाने की कार्रवाई तत्काल की जाए, क्षेत्रीय जनप्रतिनिधियों के साथ समन्वय स्थापित करते हुए कार्यों को गति दी जाए, ताकि प्रत्येक वार्ड में विकास कार्य समय सीमा में पूर्ण हो सकें, इसकी साथ ही बैठक में मुख्य एवं उप-सड़कों पर पेचवर्क कार्यों में तेजी लाई जाए, ताकि नागरिकों को बेहतर सड़क सुविधा मिल सके.

महापौर भार्गव ने कहा कि झोन और वार्ड क्षेत्रों में चल रहे प्रत्येक कार्य की जानकारी क्षेत्रीय पार्षदों को दी जाए. जिन ठेकेदारों या एजेंसियों ने एक से अधिक कार्य लिए हैं किंतु कार्य प्रगति पर नहीं है, उनके विरुद्ध ब्लैकलिस्ट करने की कार्रवाई की जाए. महापौर ने यह भी निर्देश दिए कि झोनवार संसाधनों जैसे डम्पर, जेसीबी, पेड़ कटाई-छंटाई मशीन, ग्रीन वेस्ट उठाने वाले वाहन आदि का शेड्यूल तैयार कर क्षेत्रवार आवंटन किया जाए, ताकि पार्षद अपने वार्डों में कार्यों का प्रभावी संचालन कर सकें. अमृत योजना के अंतर्गत स्वीकृत कार्यों को शीघ्र प्रारंभ किया जाए. बैठक में आयुक्त दिलीप कुमार यादव, पूर्व विधायक आकाश विजयवर्गीय, महापौर परिषद सदस्य राजेन्द्र राठौर, निरंजनसिंह चौहान, पार्षदगण कमल वाघेला, बरखा नितिन मालू, भावना मनोज मिश्रा सहित समस्त अपर आयुक्त गण, झोनल अधिकारी, विभाग प्रमुख एवं अन्य अधिकारी उपस्थित रहे.

जनप्रतिनिधियों से समन्वय बनाकर कार्य करें
निगम आयुक्त दिलीप कुमार यादव ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे क्षेत्रीय जनप्रतिनिधियों से सतत समन्वय बनाकर कार्य करें तथा प्रत्येक झोन और वार्ड क्षेत्र का नियमित निरीक्षण और मॉनिटरिंग करें. उन्होंने कहा कि विकास कार्यों में गति बनाए रखने के साथ-साथ राजस्व वसूली और ऑनलाइन भुगतान प्रणाली को और सुदृढ़ किया जाए, ताकि नगर निगम की वित्तीय व्यवस्था सशक्त बने और नागरिक सेवाओं में पारदर्शिता बनी रहे.

गुणवत्तापूर्ण कार्य किया जाए
पूर्व विधायक आकाश विजयवर्गीय ने कहा कि निगम प्रशासन और जनप्रतिनिधियों के संयुक्त प्रयासों से विधानसभा 1 क्षेत्र का सर्वांगीण विकास सुनिश्चित किया जाएगा. नागरिकों की अपेक्षाओं के अनुरूप प्रत्येक कार्य गुणवत्तापूर्ण, पारदर्शी और समय सीमा में पूर्ण किया जाए.

Next Post

कार्तिक आर्यन ने अपनी अगली बड़ी रिलीज़ ‘तू मेरी मैं तेरा, मैं तेरा तू मेरी’ के लिए क्रिसमस 2025 को किया लॉक

Wed Nov 5 , 2025
मुंबई, (वार्ता) बॉलीवुड स्टार कार्तिक आर्यन की फिल्म ‘तू मेरी मैं तेरा, मैं तेरा तू मेरी’ क्रिसमस 2025 के अवसर पर रिलीज होगी। पिछली दीवाली अपनी रिकॉर्ड-तोड़ ब्लॉकबस्टर ‘भूल भुलैया 3’ से बॉक्स ऑफिस पर धमाका करने के बाद, कार्तिक आर्यन एक बार फिर बड़े पर्दे पर वापसी करने के […]

You May Like