आईसीआईसीआई प्रूडेंशियल लाइफ ने पेश किया नया फंड

मुंबई, 04 नवंबर (वार्ता) जीवन बीमा कंपनी आईसीआईसीआई प्रूडेंशियल लाइफ इंश्योरेंस ने अपने यूनिट लिंक्ड इंश्योरेंस प्लान (यूलिप) के लिए एक नया फंड, आईसीआईसीआई प्रूडेंशियल लाइफ बीएसई 500 एन्हांस्ड वैल्यू 50 इंडेक्स फंड, पेश किया है।
कंपनी ने मंगलवार को फंड की घोषणा करते हुए कहा कि इस फंड का उद्देश्य ग्राहकों को देश की आर्थिक वृद्धि की संभावनाओं (ग्रोथ स्टोरी) में भागीदारी के लिए मंच प्रदान करना है। यह फंड उन शेयरों पर फोकस करेगा जो सैद्धांतिक रूप से मजबूत हैं, लेकिन फिलहाल अपनी वास्तविक क्षमता से कम रिटर्न दे रहे हैं।
कंपनी ने कहा कि यह इंडेक्स फंड ग्राहकों को उनके दीर्घकालिक लक्ष्यों को प्राप्त करने में मदद करेगा। ये लक्ष्य सेवानिवृत्ति योजना से लेकर बच्चों की शिक्षा तक हो सकते हैं।
उल्लेखनीय है कि यूलिप उत्पादों से जुड़ा जीवन बीमा, किसी भी आपात स्थिति में परिवार के लिए वित्तीय सुरक्षा सुनिश्चित करता है। साथ ही यह किफायती होने के साथ-साथ कर के लिहाज से भी लाभप्रद है।
कंपनी ने बताया कि नया फंड बीएसई 500 एन्हांस्ड वैल्यू 50 सूचकांक के अनुरूप होगा। इसमें 50 कंपनियां शामिल हैं, जिन्हें मूल्य-आधारित निवेश मानदंडों जैसे आय, बुक वैल्यू और कीमत के अनुपात में बिक्री के आधार पर चुना जाता है। इस फंड का उद्देश्य बुनियादी रूप से मजबूत, लेकिन फिलहाल कम मूल्यांकन वाली कंपनियों में निवेश के अवसरों का लाभ उठाना है, ताकि भविष्य में इन शेयरों के उचित मूल्यांकन की ओर बढ़ने पर ग्राहकों को उसका लाभ मिल सके।
आईसीआईसीआई प्रुडेंशियल ने बताया कि इस फंड को तिमाही आधार पर पुनर्गठित किया जाता है ताकि यह सुनिश्चित हो सके कि यह लार्ज, मिड और स्मॉल-कैप खंड में उभरते मूल्य अवसरों के अनुरूप बना रहे।
कंपनी की प्रेस विज्ञप्ति में कहा गया है कि ऐतिहासिक रूप से बीएसई 500 एन्हांस्ड वैल्यू 50 सूचकांक ने 2006 से 2024 तक 19 साल में 12 बार अपने मूल सूचकांक की तुलना में ज्यादा रिटर्न दिया है।
आईसीआईसीआई प्रूडेंशियल लाइफ इंश्योरेंस के मुख्य निवेश अधिकारी मनीष कुमार ने कहा, “आईसीआईसीआई प्रूडेंशियल लाइफ बीएसई 500 एन्हांस्ड वैल्यू 50 इंडेक्स फंड निष्क्रिय रूप से प्रबंधित फंड है, जो हमारे यूलिप ग्राहकों को देश की वृद्धि की संभावनाओं में भाग लेने का सरल और पारदर्शी तरीका प्रदान करेगा। यह उन्हें धन सृजन के लिए दीर्घकालिक मूल्य निवेश के सिद्धांत का लाभ प्रदान करेगा।”

Next Post

वर्ल्ड कप में देर से शामिल हुई शेफाली वर्मा ने सचिन तेंदुलकर को दिया अपनी सफलता का श्रेय

Tue Nov 4 , 2025
नवी मुंबई, 04 नवंबर (वार्ता) महिला क्रिकेट विश्व कप 2025 के फाइनल में प्लेयर ऑफ द मैच बनी शेफाली वर्मा रविवार को नवी मुंबई में दक्षिण अफ्रीका पर भारत की 52 रनों की जीत में अहम भूमिका निभाने के बाद शब्दहीन रह गईं। उन्होंने अचानक टीम में वापसी की और […]

You May Like